MP Weather सर्द हवाओं के बाद अब प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान में गिरावट, बारिश की भी संभावना

weather than barish

MP Weather सर्द हवाओं के रफ्तार पकड़ने के बाद अब प्रदेश के कुछ हिस्सों में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, तो वहीं, हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवाओं का दौर भी जारी है। देश के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में देखा जा रहा है, इसी के चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवा रफ्तार पकड़ रही है।

ग्वालियर और राजगढ़ में मंगलवार को शीतलहर चली। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 8.6 तो राजगढ़ में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी 15 मार्च तक मौसम का मिजाज ठंडा ही बना रहेगा, जहां छह मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 10 मार्च तक रहने की संभावना है। गर्मी का असर 20 मार्च के बाद महसूस होने लगेगा, जहां मार्च के आखिरी सप्ताह में तापमान 35 डिग्री के आसपास पहुंचेगा।

आगे भी वर्षा का अनुमान

मौसम विज्ञानियों की मानें तो आने वाले दिनों में भी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में इसी तरह वर्षा और ओलावृष्टि का दौर जारी रह सकता है। जानकारों के अनुसार ट्रफ लाइन बनने के चलते मौसम में यह परिवर्तन देखने मिल रहा है, जिसका असर मध्य प्रदेश के जबलपुर, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, हरदा, खंडवा और बैतूल के साथ-साथ सिवनी में देखने को मिला। कुछ दिनों पहले मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा था, जिसके चलते वर्षा और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला था।