Site icon YASHBHARAT.COM

MP Weather: जोर पकड़ने लगी ठंड, 11 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे पहुंचा

images 98

MP Weather: जोर पकड़ने लगी ठंड, 11 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे पहुंचा । उत्तर भारत की ओर से आ रही सर्द हवाओं से पूरे प्रदेश में रात में सिहरन बढ़ने लगी है। इसी क्रम में शुक्रवार को मलाजखंड सहित प्रदेश के 11 शहरों दतिया, गुना, ग्वालियर, रायसेन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, मंडला, नौगांव, रीवा एवं उमरिया में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। सबसे कम 13.1 डिग्री सेल्सियस तापमान मलाजखंड में दर्ज किया गया। जबकि राजधानी में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। उधर प्रदेश में सबसे अधिक 33.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दमोह में दर्ज किया गया।

तापमान में गिरावट

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, मौसम का मिजाज अभी इसी तरह बना रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। वातावरण में नमी काफी कम रहने के कारण मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है। इस वजह से रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट का सिलसिला बना हुआ है।

 

प्रदेश में बढ़ने लगी सिहरन

 

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में दिन के समय तो हवा का रुख कभी पश्चिमी तो कभी दक्षिणी हो जाता है, लेकिन शाम ढलते ही हवा का रुख उत्तरी हो जाता है। उत्तर भारत की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं के कारण ही पूरे प्रदेश में धीरे-धीरे सिहरन बढ़ने लगी है। इस तरह का सिलसिला अभी बना रहने की संभावना है।

Exit mobile version