MP Rail Hadsa पटरी छोड़ मेन लाइन पर गिरा गार्ड का डिब्बा, ट्रेक क्लियर करने रात भर जुटा रहा रेलवे, देखें एक्सलूसिव फोटो

MP Rail Hadsa। कटनी-जबलपुर-इटारसी रेलखंड के नरसिंहपुर व करेली स्टेशन के बीच एक माल गाड़ी का डिब्बा शनिवार रात पटरी से उतर जाने के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया। हालांकि रेलवे ने आज सुबह डाउन लाइन से रेल यातायात चालू कर दिया है।
4 रेल गाडिय़ां परिवर्तित मार्ग से चलाई
अप लाइन यातायात प्रभावित रहने के कारण अभी 4 रेल गाडिय़ां परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएंगी। साथ ही जबलपुर से रानीकमलापति जाने वाली जनशताब्दी एवं जबलपुर वंदे भारत ट्रेन को आज 2 घंटे रिशिड्यूल किया गया है।
तत्काल रोका गया रेल ट्रैफिक
वहीं पटरी से उतरकर पलटे गार्ड के डिब्बे को अलग कर दिया गया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कटनी से जबलपुर होते हुए इटारसी की ओर जा रही मालगाड़ी के गार्ड का डिब्बा नरसिंहपुर व करेली रेलवे स्टेशन के बीच पटरी से उतर गया और मेन लाइन पर जाकर गिर गया। घटना शनिवार व रविवार की दरम्यानीरात लगभग सवा 12 बजे के बीच हुई। दुर्घटना की वजह से कटनी से जबलपुर होते हुए इटारसी की ओर जाने वाली और इटारसी से जबलपुर होते हुए कटनी की ओर आने वाली ट्रेनों को तत्काल रोक दिया गया।

जबलपुर स्टेशन पर दुर्घटना की जानकारी लगते ही आला अधिकारी जबलपुर के रेल कंट्रोल रूम पहुंच गए। इधर जबलपुर से घटना स्थल की ओर 30 मिनट बाद राहत रिलीफ ट्रेन और पटरी सुधारने वाले कर्मचारियों को मौके पर रवाना किया गया। रेल अधिकारियों ने बताया कि जबलपुर से इटारसी की ओर जा रही मालगाड़ी का गार्ड डिब्बा पटरी से उतर गया है,जिस वजह से रेल यातायात अवरुद्ध हो गया है।
जान माल की हानि नहीं
कटनी, जबजपुर व इटारसी स्टेशन पर यात्रियों को जानकारी दी जा रही है। जैसे ही पटरी क्लियर हो जाएगी ट्रेनों को रवाना किया जाएगा। इस घटना से किसी के भी जान माल की हानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि यह हादसा कपलिंक टूटने से हुआ जिसके बाद मालगाड़ी का गार्ड का डिब्बा ब्रेक यान पटरी से उतरकर पलट गया।
इन ट्रेनों पर पड़ा दुर्घटना का असर
रेलवे के अनुसार जबलपुर से जाने वाली गाड़ी संख्या 20174 जबलपुर-रानी कमलापति रविवार को 2 घंटे रिशिड्यूल करके चलाई गई। वंदे भारत ट्रेन निर्धारित समय प्रात: 6:00 बजे के बजाए जबलपुर से 8:00 बजे रवाना की गई। वहीं गाड़ी संख्या 12062 जबलपुर-रानी कमलापति जनशताब्दी एक्सप्रेस को भी आज 2 घंटे रिशिड्यूल करके चलाया गया। यह ट्रेन निर्धारित प्रस्थान समय प्रात: 5:30 बजे के बजाए जबलपुर से 7:30 बजे प्रस्थान किया गया। रेल दुर्घटनाकी वजह से कई ट्रेनों के मार्ग भी बदल दिए गए हैं। दानापुर से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 12792 दानापुर-सिकंदराबाद को आज जबलपुर कछपुरा गोंदिया:नागपुर होकर चलाया जाएंगा। वहीं रक्सौल से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 07008 रक्सौल-सिकंदराबाद जबलपुर-कछपुरा-गोंदिया नागपुर होकर जाएंगी। पटना से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 12742 पटना-वास्कोडीगामा एक्सप्रेस वाया कटनी-बीना-भोपाल-इटारसी होकर चलाई जाएगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 19046 छपरा-सूरत एक्सप्रेस वाया कटनी बीना भोपाल इटारसी होकर चलाई जाएगी। कैप्शन फोटो मालगाड़ी का ब्रेक यान पटरी से उतरने के बाद राहत कार्य करता रेलवे का बचाव दल।








