भोपाल। MP Exit Polls 2020 Political Reaction मध्य प्रदेश की 28 सीटाें पर कराए गए विधानसभा उपचुनाव के बाद भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आने लगी हैं।
Exit poll जारी होने के बाद अपनी प्रतिेक्रिया देते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने पहले ही कहा था शानदार सफलता प्राप्त करेंगे। कांग्रेस और कमल नाथ बौखला रहे हैं। पहले से ही हार की भूमिका बना रहे हैं। जोड़-तोड़ करने का आरोप लगा रहे हैं। भाजपा तो किसी के पास गई नहीं थी । कांग्रेस के मित्र ही भाजपा के पास आए थे । अब हार को स्वीकार करें।
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कमल नाथ भाजपा विधायकों को फोन कर रहे हैं।संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं । जोड़-तोड़ खरीद-फरोख्त की राजनीति कमल नाथ कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में राजनीतिक भ्रष्टाचार की शुरुआत कमल नाथ ने की है पर हमारे विधायक टस से मस नहीं होने वाले हैं। हमारे विधायक हमारे कार्यकर्ता सिद्धांतों से और विचारों से जुड़े हुए हैं। जोड़-तोड़ की राजनीति में भरोसा नहीं करते।
वहीं कमल नाथ के मीडिया सलाहकार नरेंद्र सलूजा ने कहा कि हमें जनता के पोल पर विश्वास है। हम एग्जिट पोल के नतीजों को नहीं मानते। दस नवंबर को नतीजे आने दीजिये, कांग्रेस 28 में से 28 सीटें जीत रही है।
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डा. दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि एग्जिट पोल भाजपा के पक्ष में नतीजे बता रहा है। जहां तक सीटों की बात है तो हमारे फीडबैक के मुताबिक, सभी 28 सीटों पर हम जीतने की स्थिति में हैं। हमें आशा है कि हमारी अपेक्षा के अनुरूप ही नतीजे आएंगे।

