MP Education News: भोपाल। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के अन्तर्गत गैर अनुदान मान्यता प्राप्त अशासकीय स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए रिक्त सीटों पर आनलाइन निःशुल्क प्रवेश के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है। आरटीई के तहत पहले चरण की लाटरी के बाद शेष रिक्त सीटों पर दूसरे चरण की काउंसलिंग के माध्यम से स्कूल आवंटन किया जाना है। इसके लिए समय सारणी जारी की गयी है। रैंडम पद्धति से आनलाईन लाटरी द्वारा 10 नवंबर को स्कूल का आवंटन किया जाएगा।
पंजीकृत आवेदक 29 अक्टूबर से रविवार तक दूसरे चरण की लाटरी के लिए स्कूल की च्वाइस अपडेट कर सकेंगे। स्कूल के आवंटन के बाद 10 नवंबर से 15 नवंबर तक आवंटन पत्र डाउनलोड कर आवंटित स्कूल में प्रवेश ले सकेंगे। प्रवेश लेते समय ही संबंधित अशासकीय स्कूल द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से एडमीशन रिपोर्टिंग दर्ज की जाएगी । दूसरे चरण की काउंसलिंग में नया आवेदन करने का विकल्प नहीं होगा।
जिन आवेदकों ने सत्र 2020-21 के लिए पूर्व में आनलाइन आवेदन किया है और सत्यापन में पात्र पाये गए है एवं इस सत्र में एडमीशन नहीं लिया है, केवल वही आवेदक स्कूल की चॉइस परिवर्तित करते हुए आवेदन लाक कर सकेंगे। कोविड-19 के कारण अथवा किसी अन्य परिस्थितियों के कारण यदि कोई स्कूल बंद हो गया है और उसमें प्रथम चरण में किसी का आवंटन हुआ है तो वह आवेदक भी अन्य स्कूल में दूसरे चरण के लिए चुनकर आवेदन लाक कर सकेंगे। इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टर्स को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बता दें, कि पहले चरण की काउंसलिंग में करीब एक लाख 15 हजार बच्चों ने प्रवेश लिया है।

