MP Cabinet Decision: एमपी में निजी ऑपरेटर चलाएंगे बसें, 25 सितंबर को नितिन गडकरी करेंगे ‘सुगम बस सेवा’ का आगाज
MP Cabinet Decision: एमपी में निजी ऑपरेटर चलाएंगे बसें, 25 सितंबर को नितिन गडकरी करेंगे ‘सुगम बस सेवा’ का आगाज
भोपाल, यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेश के चहुंमुखी विकास को गति देने वाले कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर बड़े निर्णय लिए गए हैं।
25 सितंबर को केंद्रीय मंत्री करेंगे योजना का शुभारंभ
बैठक के दौरान प्रदेश में सुगम सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। तय किया गया है कि 25 सितंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की विशेष उपस्थिति में ‘सुगम बस परिवहन सेवा’ का शुभारंभ किया जाएगा। योजना की खास बात यह है कि सरकार खुद बसें नहीं चलाएगी, बल्कि निजी बस ऑपरेटरों के साथ अनुबंध कर इस सेवा का संचालन कराएगी।
सिंगरौली और रतलाम हवाई पट्टी का होगा कायाकल्प
प्रदेश के औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कैबिनेट ने सिंगरौली और रतलाम स्थित हवाई पट्टियों के उन्नयन व विकास प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे इन क्षेत्रों में निवेशकों और आम यात्रियों की पहुंच आसान होगी।
सुठालिया सिंचाई परियोजना को ₹250 करोड़ की अतिरिक्त स्वीकृति
किसानों के हित में बड़ा कदम उठाते हुए कैबिनेट ने राजगढ़ जिले की सुठालिया सिंचाई परियोजना के लिए 250 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से परियोजना का कार्य गति पकड़ेगा और क्षेत्र के हजारों किसानों को खेतों तक पानी पहुंचाने की सुविधा मिलेगी।
2800 मेगावाट बिजली खरीद समझौते (PPA) को हरी झंडी
भविष्य में बिजली की बढ़ती मांग और निर्बाध आपूर्ति को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट ने 2800 मेगावाट बिजली के पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) करने की अनुमति दे दी है। सरकार के इस फैसले से आगामी वर्षों में घरेलू उपभोक्ताओं और उद्योगों को बिना कटौती के लगातार बिजली मिल सकेगी।








