Site icon Yashbharat.com

MP में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बांटा जाएगा 495 करोड़ रुपए बोनस

thumb2

भोपाल। तेंदूपत्ता संग्राहकों को सीजन 2017 का प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) शुक्रवार को प्रदेशभर में एक साथ बांटा जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने विधानसभा क्षेत्र और सीहोर जिले के लाड़कुई गांव में संग्राहकों को राशि बांटेंगे। वहीं मंत्रियों, सांसद और विधायकों को जिले आवंटित किए गए हैं, जहां वे संग्राहकों को राशि बांटेंगे। इस दौरान बोनस के रूप में 495 करोड़ रुपए बांटे जाएंगे।

यह पहला मौका है जब तेंदुपत्ता संग्राहकों को पत्ता तोड़ने के महज सवा साल में बोनस मिल रहा है। आमतौर पर बोनस तैयार करने में दो साल से ज्यादा समय लग जाता है। इसके बाद ही बोनस बांटा जाता है। इस साल विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार व मप्र राज्य लघु वनोपज संघ ने इसमें खासी जल्दबाजी दिखाई और सालभर में ही बोनस तैयार कर दिया। बोनस वितरण कार्यक्रम सभी जिलों में ठीक दोपहर साढ़े 12 बजे शुरू होगा।

विधानसभा अध्यक्ष होशंगाबाद में बांटेंगे बोनस

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा होशंगाबाद, वनमंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार शहडोल, वित्तमंत्री जयंत मलैया दमोह, परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह सागर के मालथौन, महिला एवं बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस बुरहानपुर, खनिज साधन मंत्री राजेन्द्र शुक्ल सिंगरौली, सांसद ज्ञान सिंह उमरिया, स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री दीपक जोशी देवास के हाटपिपल्या, सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री लाल सिंह आर्य बैतूल, खाद्य मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मंडला और डिंडौरी के संयुक्त कार्यक्रम में तेंदुपत्ता संग्राहकों को बोनस बांटेंगे।

Exit mobile version