Tuesday, April 7, 2026
Latest:
Latest

MP: अब आकाश के बाद दमोह भाजयुमो उपाध्यक्ष ने बैट दिखाकर दी धमकी

दमोह। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के विधायक बेटे आकाश विजयवर्गीय की तर्ज पर दमोह युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने भी दमोह नगर पालिका के लेखाधिकारी अनिल गुप्ता को क्रिकेट का बैट दिखाकर धमकी दी है।

गुरुवार को विवेक अग्रवाल नगर पालिका पहुंचे और उन्होंने लेखाधिकारी के कक्ष में जाकर उन्हें क्रिकेट का बैट दिखाते हुए धमकी दी कि यदि ठीक से काम नहीं किया तो उन्हें मजबूर होकर विधायक आकाश की तरह इस बैट का उपयोग करना होगा। ये बात खुद विवेक अग्रवाल ने स्वीकार करते हुए बताई है।

युवा मोर्चा उपाध्यक्ष अग्रवाल का कहना है कि उनके वार्ड में अभी भी ऐसे 36 हितग्राही हैं, जिन्हें पीएम आवास की किस्त नहीं मिली है, इस कारण उनकी छतों का स्लैब नहीं डल पा रहा है। बारिश शुरू हो गई है और अब ऐसे में उन्हें सिर छिपाने के लिए भी जगह नहीं है।

नगरपालिका को शासन द्वारा 1546 हितग्राहियों के लिए दो लाख रुपए के मान से राशि भेज दी गई है, लेकिन नगर पालिका ने किसी को एक लाख तो किसी को 50 हजार रुपए दिए हैं। उनके वार्ड के लोगों को राशि नहीं मिली है, इसलिए वह लेखाधिकारी को समझाने गए थे कि वह जनता की समस्या का समाधान करें और ठीक से कार्य करें, नहीं तो उन्हें भी बैट उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

सोशल मीडिया पर वायरल

कार्यालय में क्रिकेट का बैट लेकर बैठे विवेक अग्रवाल की एक फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल की गई है। इसके साथ लिखा गया है कि पहले आवेदन, फिर निवेदन और उसके बाद दे-दनादन। इस संबंध में लेखाधिकारी अनिल गुप्ता से बात करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।

नगर पालिका सीएमओ कपिल खरे का कहना है कि उन्हें इस सबंध में लेखाधिकारी ने अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है, यदि ऐसा कुछ हुआ है और वह शिकायत करते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। युवा मोर्चा उपाध्यक्ष इससे पहले भी नगरपालिका में अपनी दबंगई के लिए चर्चित हैं। करीब दो साल पहले उन्होंने नगरपालिका के उपयंत्री सुशील अग्रवाल को एक कमरे में बंधक बनाकर धमकाया था, लेकिन उनपर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply