कटनी/बरही। दीपावली की रात बरही नगर के मुख्य बाजार में हुए हृदयविदारक अग्निकांड ने पूरे जिले को गहरे शोक में डुबो दिया है। एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत से हर कोई स्तब्ध है। इस भीषण त्रासदी के बाद विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक बरही पहुंच चुके हैं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली और पूरी घटना के संबंध में आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।
विधायक संजय पाठक ने घटनास्थल पर पहुंचकर उस तीन मंजिला इमारत का जायजा लिया, जहां आग की भयावह घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ हादसे की परिस्थितियों, बचाव अभियान और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
इसके बाद विधायक शोकाकुल परिजनों के बीच पहुंचे। परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्होंने अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस असहनीय दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। एक ही परिवार के बुजुर्ग दंपती, बहू और तीन मासूम बच्चों को खोने का दर्द हर किसी की आंखें नम कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि दीपावली की रात बरही के मुख्य बाजार स्थित पूरन अग्रवाल की तीन मंजिला क्रॉकरी दुकान सह मकान में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और महज दो माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई थी।
दीपोत्सव के बीच हुई इस हृदयविदारक घटना ने बरही की खुशियों को मातम में बदल दिया है। विधायक संजय पाठक का घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना और पीड़ित परिवार के बीच पहुंचकर दुख साझा करना इस संकट की घड़ी में उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।

