गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण के दौरान झंडा समेत डंडा गिरने से कई लोग घायल
गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण के दौरान झंडा समेत डंडा गिरने से कई लोग घायल। गणतंत्र दिवस के मौके पर गया जिले के इमामगंज प्रखंड सह अंचल कार्यालय में झंडा फहराने के दौरान हुई बड़ी चूक ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया। रविवार सुबह झंडोत्तोलन के दौरान तिरंगा झंडा डंडे समेत गिर गया, जिससे वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। इस घटना ने गणतंत्र दिवस जैसे विशेष अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रमुख के माथे पर गिरा झंडा
जानकारी के अनुसार, गणतंत्र दिवस के मौके पर झंडोत्तोलन के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संजय कुमार, प्रमुख कलावती देवी, अंचलाधिकारी सुनीता कुमारी और अन्य अधिकारियों समेत कई कर्मचारी मौजूद थे। जैसे ही रस्सी खींचकर झंडा फहराने की कोशिश की गई, झंडा डंडे समेत नीचे गिर गया। इस घटना के दौरान प्रमुख कलावती देवी के माथे पर झंडे का डंडा गिरने से वह चोटिल हो गईं। साथ ही, वहां मौजूद अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आईं। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लापरवाही का आरोप
यह घटना गजेटेड अधिकारियों की उपस्थिति में हुई, जो लापरवाही का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। झंडे के सही तरीके से न बांधे जाने और उचित निरीक्षण न किए जाने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि जब सरकारी कार्यालयों में गजेटेड अधिकारी राष्ट्रीय ध्वज का अपमान होने से नहीं रोक सकते, तो यह लापरवाही पूरे तंत्र पर सवाल खड़ा करती है।
घटना के वीडियो और फोटो ने बढ़ाई चर्चा
झंडा गिरने की इस घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। लोग इसे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के रूप में देख रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, घटना के बाद बीडीओ संजय कुमार ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना बताया और कहा कि इसकी जांच की जाएगी। प्रमुख कलावती देवी और अन्य अधिकारियों ने भी घटना को लेकर खेद जताया। गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण के दौरान झंडा समेत डंडा गिरने से कई लोग घायल

