सांसद अमृतपाल सिंह को कोर्ट से बड़ी राहत: दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली 1 दिन की अंतरिम पैरोल; पुलिस हिरासत में जाएंगे पैतृक गांव
अमृतसर। जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को अमृतसर की एक जिला अदालत से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें अपनी दिवंगत दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक रीतियों में शामिल होने के लिए एक दिन की अंतरिम पैरोल (कस्टडी पैरोल) मंजूर की है। पैरोल मिलने के बाद वह अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा जाकर दादी को अंतिम विदाई दे सकेंगे।
अमृतपाल सिंह के वकील करमवीर सिंह पन्नू ने कोर्ट के फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में अमृतपाल की दादी का निधन हो गया था और अंतिम संस्कार की रस्मों को पूरा करने के लिए उनका वहां मौजूद होना आवश्यक था। इसी आधार पर अमृतसर जिला अदालत में अर्जी दाखिल की गई थी, जिस पर सभी तथ्यों पर विचार करते हुए जज ने एक दिन की अंतरिम पैरोल दी है।
पैरोल की पूरी अवधि के दौरान अमृतपाल सिंह पुलिस की कड़ी हिरासत में रहेंगे और इससे जुड़ा सारा खर्च उनका परिवार स्वयं उठाएगा।अदालत ने अमृतपाल के चाचा हरजीत सिंह को 3 दिन की पैरोल और एक अन्य रिश्तेदार सुखमनदीप सिंह को 2 दिन की पैरोल प्रदान की है। दोपहर 2 बजे तक विस्तृत आदेश (Detailed Order) आने की उम्मीद है, जिसके बाद जेल और पुलिस प्रशासन की जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। सांसद अमृतपाल सिंह को कोर्ट से बड़ी राहत: दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली 1 दिन की अंतरिम पैरोल; पुलिस हिरासत में जाएंगे पैतृक गांव
परिवार ने तीन दिन के लिए टाला था अंतिम संस्कार, अकाली नेता ने भी उठाई थी मांग गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह के अंतिम दर्शन करने और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार ने माता चरण कौर के अंतिम संस्कार को तीन दिनों के लिए टाल दिया था। उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में रखा गया है। इससे पहले शिरोमणि अकाली दल के नेता और दाखा से विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने भी सरकार से अमृतपाल को पैरोल देने की मांग की थी। अयाली ने कहा था कि यह स्वाभाविक न्याय और मानवीय अधिकार का मामला है, इसलिए एक पोते को अपनी दादी को अंतिम विदाई देने के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

