FEATUREDLatest

रेलवे में बड़ी कार्रवाई: लापरवाही पर जीएम ने मौके पर ही स्टेशन मास्टर और क्रू कंट्रोलर को किया निलंबित

रेलवे में बड़ी कार्रवाई: लापरवाही पर जीएम ने मौके पर ही स्टेशन मास्टर और क्रू कंट्रोलर को किया निलंबित

बिलासपुर (यशभारतडॉट कॉम)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के उसलापुर रेलवे स्टेशन पर लापरवाही के एक मामले में महाप्रबंधक (GM) तरुण प्रकाश ने सख्त कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान लांगहाल (दोहरी मालगाड़ी) के परिचालन में हुई देरी को लेकर जीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर ही जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित करने के निर्देश दे दिए।

निरीक्षण के दौरान खुली पोल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार को बिलासपुर से कटनी की ओर कोयले से लदी एक लांगहाल ट्रेन जा रही थी। लांगहाल में आगे के इंजन में चालक-सहायक चालक और अंतिम डिब्बे (गार्ड केबिन) में गार्ड तैनात रहते हैं। उसलापुर स्टेशन पर चालक और गार्ड बदलने के लिए इस दोहरी मालगाड़ी को दो बार रोकना पड़ा।

संयोगवश, उसी समय एसईसीआर के जीएम तरुण प्रकाश स्टेशन का औचक निरीक्षण कर रहे थे। मालगाड़ी के दो-दो बार रुकने और संचालन में हुई अनावश्यक देरी को देखकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई।

समयबद्ध परिचालन पर जताई चिंता

जीएम तरुण प्रकाश ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही से ट्रेनों के समयबद्ध परिचालन (punctuality) को सुनिश्चित नहीं किया जा सकता। उन्होंने मौके पर ही सख्त एक्शन लेते हुए संबंधित विभागाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए।

जीएम के निर्देश के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन ने मुख्य स्टेशन मास्टर (CSM) और क्रू कंट्रोलर (CC) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कड़ी कार्रवाई से रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

Back to top button