MP Police: PHQ ने जारी की 223 अफसरों की प्रमोशन लिस्ट, अब मिलेगा लेवल-10 पे-मैट्रिक्स

MP Police: PHQ ने जारी की 223 अफसरों की प्रमोशन लिस्ट, अब मिलेगा लेवल-10 पे-मैट्रिक्स
भोपाल (यशभारतडॉट कॉम)। मध्य प्रदेश पुलिस महकमे में पदोन्नति की प्रक्रिया को गति देते हुए पुलिस मुख्यालय (PHQ), भोपाल ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी 6 पन्नों की सूची में प्रदेश के 223 कार्यवाहक निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों (SI) को पदोन्नत कर निरीक्षक (Inspector) के पद पर पदस्थ किया गया है।
डीपीसी की समीक्षा के बाद निर्णय
विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक के बाद प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर यह पदोन्नति आदेश जारी हुआ है। इसके पूर्व आदेश क्रमांक पुमु/3/कार्मिक/स-12/1006/2026 (दिनांक 13 जुलाई 2026) के तहत 1,029 लोक सेवकों की पदोन्नति की गई थी। इसी प्रक्रिया के अगले चरण में समीक्षा के उपरांत 223 और अधिकारियों के नाम हरी झंडी पा चुके हैं।
वेतनमान और वरिष्ठता में लाभ
आदेश के अनुसार, पदोन्नत अधिकारियों को आगामी आदेश तक निरीक्षक के रिक्त पदों पर अस्थायी/स्थानापन्न रूप से तैनात किया गया है। इन अधिकारियों को अब वर्तमान ग्रेड पे 4200 (9300-34800) के स्थान पर मप्र वेतन पुनरीक्षण नियम-2017 के तहत पे-मैट्रिक्स लेवल-10 का वित्तीय लाभ मिलेगा। यह नया वेतनमान पदभार ग्रहण करने की तिथि से लागू होगा।








