सुकमा–बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में 14 नक्सली ढेर
रायपुर/सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में सुरक्षाबलों को एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। सुकमा जिले के कोंटा–किस्टाराम इलाके के जंगलों में हुई मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया गया है। वहीं, अलग कार्रवाई में सुकमा जिले में ही दो और नक्सली ढेर किए गए हैं। इस तरह बीजापुर और सुकमा जिलों में कुल 14 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
नक्सल विरोधी सघन तलाशी अभियान के दौरान मारे गए नक्सलियों के पास से सुरक्षा बलों ने एके-47, आईएनएसएएस और एसएलआर राइफल जैसे अत्याधुनिक हथियारों सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद भी जब्त किया है। इसे सुरक्षाबलों की बड़ी रणनीतिक सफलता माना जा रहा है।
पुख्ता सूचना के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, बीजापुर और सुकमा जिलों के दक्षिणी इलाकों में सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद दक्षिण बस्तर क्षेत्र में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की विशेष टीमों को अभियान के लिए रवाना किया गया।बीजापुर जिले में सुबह करीब 5 बजे से डीआरजी और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ चलती रही। वहीं सुकमा जिले में भी सुबह लगभग 8 बजे से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच फायरिंग की स्थिति बनी रही।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ नक्सली घायल होकर जंगलों की ओर भागे हो सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरतते हुए तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।
सुरक्षाबलों की इस बड़ी कार्रवाई को बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक अहम सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।