झुंझुनूं में महिंद्रा ‘बायकॉट’ के बीच फिर बड़ा हादसा- बगड़ तिराहे पर बेकाबू स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 2 जयपुर रेफर; नहीं खुले एयरबैग
Jhunjhunu Scorpio Accident: बगड़ तिराहे पर खौफनाक हादसा: पेड़ से टकराकर उड़े स्कॉर्पियो के परखच्चे, 2 की मौत; JCB से निकाले गए शव
झुंझुनूं में महिंद्रा 'बायकॉट' के बीच फिर बड़ा हादसा- बगड़ तिराहे पर बेकाबू स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 2 जयपुर रेफर; नहीं खुले एयरबैग
झुंझुनूं में महिंद्रा ‘बायकॉट’ के बीच फिर बड़ा हादसा- बगड़ तिराहे पर बेकाबू स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 2 जयपुर रेफर; नहीं खुले एयरबैग
झुंझुनूं : राजस्थान के झुंझुनूं जिले में महिंद्रा कंपनी और गाड़ियों के सुरक्षा फीचर्स को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच मंगलवार देर रात एक और भयावह सड़क हादसे ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। जिले के बगड़ तिराहे पर तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर कई बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में गाड़ी में सवार 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जयपुर रेफर किया गया है।
जेसीबी से काटनी पड़ी कार, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक बेकाबू होकर कई पलटी मारते हुए पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह अंदर ही फंस गए।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सूचना पर पहुंची पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम को शवों और घायलों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी (JCB) की मदद लेनी पड़ी। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया गया है।
चालक राकेश की मौत, अन्य की शिनाख्त जारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक स्कॉर्पियो चालक की पहचान नवलगढ़ क्षेत्र के कोलसिया गांव निवासी राकेश के रूप में हुई है। दुर्घटना में मारे गए दूसरे युवक तथा दोनों गंभीर घायलों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
‘फिर नहीं खुले एयरबैग’ – मौके पर मौजूद लोगों ने उठाए गंभीर सवाल
हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों का दावा है कि इतना भयानक एक्सीडेंट होने और गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म होने के बावजूद स्कॉर्पियो का एक भी एयरबैग नहीं खुला।
हालांकि, यह दावा जांच का विषय है और पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच व तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक रूप से स्पष्ट हो पाएगा कि एयरबैग खुले थे या नहीं।
झुंझुनूं में महिंद्रा ‘बायकॉट’ आंदोलन के बीच फिर गरमाया माहौल
गौरतलब है कि झुंझुनूं जिले में पिछले 7 दिनों से महिंद्रा एजेंसी के बाहर धरना-प्रदर्शन चल रहा है। दरअसल, बीते 20 जुलाई को भी एक स्कॉर्पियो हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों ने एयरबैग न खुलने का आरोप लगाया था।
उस वक्त आक्रोशित युवाओं ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को क्रेन से लटकाकर विरोध प्रदर्शन किया था और कार की प्रतीकात्मक ‘शव यात्रा’ तक निकाली थी। अब बगड़ तिराहे पर हुए इस ताजा हादसे ने वाहन सुरक्षा मानक और एयरबैग्स को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।