मिस्र की राजधानी काहिरा में ईंधन टैंकर धमाके के बाद बड़ा हादसा, 31 लोगों की मौत
इंटरनेशनल डेस्क: मिस्र की राजधानी काहिरा के पास रिंग रोड पर एक ईंधन टैंकर के पलटने और उसमें ब्लास्ट होने से लगी भीषण आग में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। तेज लपटों की चपेट में आने से आसपास मौजूद दो दर्जन से अधिक कारें और बाइक जलकर खाक हो गईं।
हादसे से जुड़ी मुख्य बातें
कैसे हुआ हादसा: अधिकारियों के मुताबिक, रिंग रोड (गीजा के अल-वर्राक जिले में एक सुरंग के ऊपर) पर तेज रफ्तार तेल टैंकर बेकाबू होकर पलट गया और धमाके के साथ आग लग गई। यह मार्ग काहिरा, गीजा और कल्यूबिया प्रांतों को जोड़ने वाला अहम हाईवे है।
राहत और बचाव कार्य: फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है और बचाव अभियान में 39 एम्बुलेंस लगाई गईं। घायलों को जायद स्पेशलाइज्ड इम्बाबा जनरल और वर्राक सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
राष्ट्रपति ने जताया शोक: मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने बयान जारी कर हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति शोक जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

