माधवनगर पुलिस ने चार फरार वारंटियों को किया गिरफ्तार,मारपीट, धमकी और शराब के लिए पैसे मांगने के मामलों में थे फरार, 2017 के आर्म्स एक्ट के स्थायी वारंटी को भी पकड़
कटनी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत माधवनगर पुलिस ने चार फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और शराब पीने के लिए पैसे मांगने के मामलों में फरार तीन आरोपी तथा वर्ष 2017 के आर्म्स एक्ट प्रकरण का एक स्थायी वारंटी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) अनिमेश द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, जून 2026 में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार करन बिहारी राजपूत को मुखबिर की सूचना पर जबलपुर जिले से गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होना बताया गया है।
वहीं, वर्ष 2017 के आर्म्स एक्ट के मामले में फरार स्थायी वारंटी धीरज चौधरी को रंगनाथ नगर क्षेत्र से पकड़ा गया। उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत भी प्रकरण दर्ज है।
इसी तरह, जुलाई 2026 में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में फरार साहिल पासी एवं प्रियांशु साहू को बरगवां क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध माधवनगर थाने में अपराध क्रमांक 622/2026 दर्ज है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस का फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ अभियान जारी है।













