इंदौर। इंदौर में एक युवक ने प्यार में धोखा मिलने पर बुधवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लड़का यहां त्रिवेणी नगर (चितावद) में अपनी बहन के साथ रहता था और एक कॉलेज से बीए कर रहा था। साथ ही एसआई की परीक्षा की तैयारी कर रहा था। गुरुवार सुबह बहन ने भाई को फंदे से लटका देखा, तो पुलिस और परिजन को सूचना दी।
रिलेशन में काफी सीरियस हो गया था राजेश
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार धार जिले के कुक्षी का रहने वाला 20 वर्षीय युवक राजेश भामे इंदौर के त्रिवेणी नगर इलाके में रहता था। वह बीए का छात्र था और मध्य प्रदेश पुलिस के सब इंस्पेक्टर परीक्षा के लिए तैयारी कर रहा था। उसकी बहन ने पुलिस को बताया कि कॉलेज की एक छात्रा के साथ उसका अफेयर चल रहा था। इस रिलेशन में राजेश काफी सीरियस था और करियर सेट हो जाने के बाद शादी करना चाहता था लेकिन पिछले कुछ दिनों से लड़की ने उससे बात करना बंद कर दिया था।
सुसाइड नोट में लिखी है पूरी लव स्टोरी
बहन का कहना था कि उसके पिता किसान हैं। राजेश पुलिस अधिकारी बनना चाहता था। भाई के कहने पर पिता ने उसे चार साल पहले इंदौर में पढ़ाई के लिए भेजा था। कुछ दिनों बाद मैं भी भाई के साथ रहने के लिए आ गई। दोनों यहां पढ़ाई कर रहे थे। ब्रेकअप के बाद वह काफी परेशान रहने लगा था बुधवार रात को खाना खाने के बाद हम सोने चले गए। गुरुवार सुबह भाई को फंदे पर लटका देखा। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने अपनी पूरी लव स्टोरी लिखी है। हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट डिस्क्लोज नहीं किया है।

