देवास में लोकायुक्त का छापा: पुलिस प्रधान आरक्षक फिरोज खान के 15 ठिकानों पर दबिश, 6.50 करोड़ से अधिक की बेनामी संपत्ति का खुलासा
देवास। मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक (हेड कॉन्स्टेबल) के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। देवास में रहने वाले प्रधान आरक्षक फिरोज खान के देवास और इंदौर जिले में स्थित करीब 15 ठिकानों पर लोकायुक्त उज्जैन और इंदौर की संयुक्त टीमों ने बुधवार सुबह एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की।
6.50 करोड़ से अधिक की काली कमाई उजागर लोकायुक्त की टीमों द्वारा की जा रही शुरुआती जांच में ही फिरोज खान और उनके परिजनों के नाम दर्ज अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है। खबर लिखे जाने तक लोकायुक्त पुलिस को 6.50 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति का पता चल चुका है। संपत्ति का यह आंकड़ा जांच पूरी होने तक और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
देवास और इंदौर में फैला है साम्राज्य लोकायुक्त की टीमों ने देवास में पुलिस लाइन के समीप स्थित गायत्री शक्तिपीठ के सामने खान के पैतृक निवास के अलावा बागली, जैतपुरा, इटावा और विजयनगर सहित इंदौर व देवास के कई इलाकों में दबिश दी। जांच के दौरान कई मकानों, प्लॉटों, दुकानों और बहुमूल्य कृषि जमीनों के दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों और बैंक खातों का ब्योरा खंगाल रही टीम कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त पुलिस घर और अन्य ठिकानों से मिले सोने-चांदी के गहनों, नकदी, लग्जरी वाहनों और बैंक लॉकरों व खातों की गहनता से पड़ताल कर रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे समेत भ्रष्ट अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।










