सांवेर SDM कार्यालय के बाबू पर ढाई लाख की रिश्वत मांगने का मामला, लोकायुक्त ने दर्ज की FIR
इंदौर। जमीन के सीमांकन और अवैध कब्जा हटवाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के नाम पर ढाई लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने सांवेर एसडीएम कार्यालय में पदस्थ रहे लिपिक (बाबू) मनीष के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। डिजिटल साक्ष्यों और सत्यापन की पुष्टि के बाद यह कार्रवाई की गई है।
लोकायुक्त संभाग इंदौर के पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश सहाय के अनुसार, देपालपुर तहसील के ग्राम उजालिया निवासी राहुल कुमावत ने 2 सितंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सांवेर तहसील के ग्राम हरियाखेड़ी स्थित खसरा नंबर 129/1/1/1 की 1.368 हेक्टेयर पुश्तैनी जमीन, जो पिता के निधन के बाद मां कमलाबाई के नाम दर्ज है, उसके सीमांकन और अवैध कब्जा हटवाने के लिए करीब एक वर्ष पहले आवेदन दिया गया था।
31 अगस्त को हुई थी मुलाकात शिकायतकर्ता राहुल के मुताबिक, लंबे समय तक कार्रवाई न होने पर वे 31 अगस्त 2026 को दोपहर में सांवेर एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। वहां उनकी मुलाकात कार्यालय के बाबू मनीष से हुई, जिसने कथित तौर पर सीमांकन व संबंधित कार्रवाई आगे बढ़ाने के एवज में 2.50 लाख रुपये की मांग की। राहुल ने रिश्वत की मांग से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी लोकायुक्त को उपलब्ध कराए थे।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में प्रकरण दर्जलोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत और साक्ष्यों का सत्यापन किए जाने के बाद आरोपों की पुष्टि हुई। इसके आधार पर 27 नवंबर 2026 को आरोपी मनीष के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

