अहमदाबाद: राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के लिए वोटिंग जारी है। इसके तहत सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात की 89 सीटों पर मतदान हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य में करीब 2.12 करोड़ लोग वोट डालेंगे। यहां मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच है। आज हो रहे मतदान में प्रतिष्ठित उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री विजय रुपाणी (राजकोट-पश्चिम), कांग्रेस के शक्तिसिंह गोहिल (मांडवी) और परेश धनानी (अमरेली) के भाग्य का फैसला होगा। इस चुनाव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा है जबकि जल्द ही कांग्रेस प्रमुख बनने जा रहे राहुल गांधी के लिए यह चुनाव नेतृत्व की परीक्षा हैं।

अयोध्या में राम मंदिर, गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की तैयारी और उनके मंदिर दर्शन सहित विभिन्न मुद्दों के साथ चुनाव प्रचार वक्त-वक्त पर बदलता रहा और कई बार यह निजी हमलों के रूप में भी नजर आया। मोदी के खिलाफ उनके गढ़ में जीत हासिल करने के लिए गांधी कांग्रेस के प्रमुख नेता बनकर उभरे। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ जोकि शाम पांच बजे तक होगा। शांतिपूर्ण मतदान के लिए अर्धसैनिक बलों समेत कुल मिला कर पौने दो लाख सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी साढ़े 26 हजार से अधिक मतदान केंद्रो पर वीवीपैट के जरिए मतदान हो रहा है।
Phase 1 of Gujarat polls begin. Urging all those voting today to turnout in record numbers and vote. I particularly call upon youngsters to exercise their franchise.
— Narendra Modi (@narendramodi) December 9, 2017
LIVE अपडेट्स
-राजकोट में सीएम विजय रूपाणी ने पत्नी के साथ डाला वोट।
-विजय रूपाणी ने राज्य के मतदाताओं से वोट करने की अपील की।
-वोट डालने से पहले रूपाणी ने मंदिर में की पूजा-अर्चना।
-गुजरात भाजपा के प्रमुख जीतूभाई वाघानी ने भावनगर में अपना वोट डाला।
मतदाताओं की भागीदारी लोकतंत्र की आत्मा होती है। गुजरात चुनाव में पहली बार वोट डाल रहे युवा साथियों का बहुत स्वागत और अभिनन्दन। गुजरात की जनता से अपील है कि भारी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाएं।
— Office of RG (@OfficeOfRG) December 9, 2017
मोदी-राहुल की प्रतिष्ठा की जंग बना चुनाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस गृह राज्य में हो रहे चुनाव को इस बार मोदी और राज्य के ताबड़तोड़ चुनावी दौरे कर रहे तथा कांग्रेस के अगले अध्यक्ष बनने जा रहे निवर्तमान उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बीच प्रतिष्ठा की सीधी जंग माना जा रहा है।
977 उम्मीदवार मैदान में
पहले चरण में 57 महिलाओं समेत कुल 977 उम्मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ़ भाजपा ने सभी 89 सीटों पर जबकि मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने 87 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। बसपा ने 64, सपा ने चार, वाघेला के जन विकल्प मोर्चा ने 48, आप ने 21, जदयू ने 14, राकांपा ने 30 और शिवसेना ने 25 प्रत्याशी उतारे हैं। 443 निर्दलीय हैं।
ये चेहरे हैं केंद्र में
पहले चरण में प्रमुख चेहरों में राजकोट पश्चिम सीट से मुख्यमंत्री रूपाणी, भावनगर पश्चिम से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी, पोरबंदर से भाजपा के बाबू बोखिरिया तथा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया तथा मांडवी से कांग्रेस के शक्तिसिंह गोहिल शामिल हैं। कुल 182 सीटों वाली विधानसभा की शेष 93 सीटों (उत्तर और मध्य गुजरात के 14 जिलों की) पर दूसरे और अंतिम चरण में 14 दिसंबर को चुनाव होगा। मतगणना 18 दिसंबर को होगी।
इन जिलों में हो रहा चुनाव
पहले चरण में जिन 19 जिलों में चुनाव हो रहा है उनमें सुरेन्द्रनगर, राजकोट, मोरबी, जामनगर, देवभूमि-द्वारका, पोरबंदर, गिर-सोमनाथ, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, बोटाद (सभी 11 जिले सौराष्ट्र क्षेत्र के) तथा नर्मदा, भरूच, तापी, सूरत, नवसारी, वलसाड, डांग (सातों दक्षिण गुजरात के) और कच्छ शामिल हैं।








