शिवराज सिंह चौहान की उड़ान में सुरक्षा चूक का आरोप, नागरिक उड्डयन मंत्रालय को लिखा गया पत्र
भोपाल। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की 23 नवंबर 2026 को भोपाल एयरपोर्ट से इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-6259 से यात्रा के दौरान कथित अव्यवस्था और सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री के ओएसडी (OSD) भूपेन्द्र सिंह परस्ते ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर जांच और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
विमान और सीट बदलने की सूचना न देने का आरोप शिकायत के मुताबिक, फ्लाइट नंबर वही रहने के बावजूद विमान और सीट में बदलाव किया गया, लेकिन इसकी जानकारी मंत्री के कार्यालय, सुरक्षा अधिकारियों या प्रोटोकॉल टीम को समय पर नहीं दी गई। यह भी आरोप है कि एयरपोर्ट पहुंचने पर संबंधित एटीएम (ATM) सिद्धार्थ यादव और प्रोटोकॉल स्टाफ मौजूद नहीं थे, जिससे रिसीविंग और लगेज प्रबंधन में दिक्कत हुई।
एयरोब्रिज पर इंतजार और सहयात्रियों से पूछताछ पत्र में उल्लेख किया गया है कि सुरक्षा जांच और बोर्डिंग के दौरान मंत्री के सहयात्रियों को रोककर पूछताछ की गई, जिससे देरी हुई। साथ ही, अन्य यात्रियों के विमान में सवार होने से पहले ही मंत्री को एयरोब्रिज की ओर ले जाया गया, जहां पहले से यात्रियों की भीड़ थी। इसके चलते उन्हें बीच रास्ते में रुकना पड़ा, जिसे निर्धारित सुरक्षा और बोर्डिंग प्रोटोकॉल के विपरीत बताया गया है।
अग्रिम सूचना के बावजूद लापरवाही का दावा ओएसडी भूपेन्द्र सिंह परस्ते के अनुसार, मंत्री के निवास से रवाना होने से पहले ही सीआईएसएफ (CISF) के लाइजन ऑफिसर, एयरपोर्ट प्रशासन, इंडिगो के अधिकारियों और प्रोटोकॉल स्टाफ को यात्रा की सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद हुई अव्यवस्था को गंभीर लापरवाही बताया गया है। फिलहाल इस मामले में एयरपोर्ट प्रशासन, सीआईएसएफ और इंडिगो की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

