मऊगंज में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, विधायक प्रदीप पटेल की गाड़ी पर हमला नेशनल हाईवे 135 पर घंटों तनाव, पुलिस ने घेराबंदी कर विधायक को सुरक्षित निकाला

मऊगंज। जिले के नेशनल हाईवे-135 पर स्थित बराओ मोड़ पर शनिवार देर रात उस वक्त हालात बेकाबू हो गए, जब लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद के केंद्र में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक प्रदीप पटेल की गाड़ी पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। मौके पर तैनात पुलिस बल ने काफी मशक्कत के बाद विधायक को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, बराओ मोड़ क्षेत्र में लल्लू पांडे और विनोद खोडवानी के बीच एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। शनिवार को विधायक प्रदीप पटेल, विनोद खोडवानी के समर्थन में धरना देने विवादित स्थल पर पहुंचे और वहीं बैठ गए। विधायक के धरने की खबर फैलते ही दूसरा पक्ष भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गया और हाईवे किनारे विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
नारेबाजी से हमला तक पहुँचा मामला
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विरोध कर रहे लोगों ने हाईवे पर डेरा डालते हुए विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब विधायक वहां से निकलने लगे। इसी दौरान उग्र भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए हालात पूरी तरह अनियंत्रित हो गए।
पुलिस ने बनाई सुरक्षा घेराबंदी
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल तुरंत सक्रिय हुआ। पुलिसकर्मियों ने विधायक की गाड़ी के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल घटनास्थल से रवाना किया। विधायक के जाने के बाद भी काफी देर तक हाईवे पर तनाव का माहौल बना रहा।
हाईवे पर बाधित रहा यातायात
इस पूरे घटनाक्रम के चलते नेशनल हाईवे-135 पर घंटों आवागमन प्रभावित रहा। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पुलिस को स्थिति सामान्य करने में काफी समय लग गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है।








