कटनी पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 118 वारंटियों पर शिकंजा,स्थाई वारंटी, गिरफ्तारी वारंटी और जमानती वारंटियों पर कार्रवाई, गुंडा-बदमाशों व जिलाबदर अपराधियों का भी हुआ सत्यापन
कटनी पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 118 वारंटियों पर शिकंजा,स्थाई वारंटी, गिरफ्तारी वारंटी और जमानती वारंटियों पर कार्रवाई, गुंडा-बदमाशों व जिलाबदर अपराधियों का भी हुआ सत्याप
कटनी। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा एवं डीएसपी शिवा पाठक के मार्गदर्शन में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रात्रि एवं प्रातःकालीन समय में संदिग्ध एवं अपराधियों के संभावित ठिकानों पर सघन दबिश दी।
अभियान के दौरान पुलिस ने न्यायालय से जारी लंबित वारंटों की तामीली करते हुए 23 स्थाई वारंटी और 66 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 29 जमानती वारंट तथा 29 समंस भी तामील किए गए। पुलिस के अनुसार अभियान में कुल 118 वारंटियों की गिरफ्तारी की गई।
गुंडा-बदमाशों पर भी रखी नजर
कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान 48 गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया, जबकि 40 निगरानीशुदा बदमाशों के ठिकानों पर आकस्मिक दबिश दी गई। वहीं 11 जिलाबदर एवं आदतन अपराधियों का सत्यापन कर उनके द्वारा जिलाबदर की शर्तों का पालन किए जाने की जांच की गई।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई
अवैध शराब के परिवहन, विक्रय और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के 16 प्रकरण दर्ज किए गए। जुआ खेलने वालों के विरुद्ध जुआ एक्ट के पांच प्रकरण बनाए गए, जबकि सात व्यक्तियों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी तेज
शांति भंग की आशंका के चलते 11 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 75 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत 68 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं बार-बार लोक शांति भंग करने वाले 17 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 129 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
होटल, ढाबों और एटीएम की जांच
रात्रिकालीन गश्त के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में 39 मुसाफिरों का सत्यापन किया गया। पुलिस टीमों ने 19 होटल, ढाबों एवं सरायों की चेकिंग की तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों में 12 बैंकों के एटीएम भी जांचे।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा
कॉम्बिंग गश्त के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 10 चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई तथा संबंधित वाहनों को जब्त किया गया।
कटनी पुलिस ने कहा कि मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करने के साथ आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, फरार अपराधी, संदिग्ध व्यक्ति अथवा किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम के 7049140924 नंबर पर दें। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।








