Latest

कटनी शांति समिति की बैठक: 19 अक्टूबर को जवारा विसर्जन, 20 को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन

नवरात्रि, जवारा विसर्जन और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने तय की व्यवस्थाएं, CCTV निगरानी के साथ डीजे पर रहेगा प्रतिबंध

कटनी। नवरात्रि, जवारा विसर्जन, दशहरा, दीपावली और अन्य आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर मंगलवार को कटनी शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस कंट्रोल रूम में कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाने को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा हुई।

कटनी शांति समिति की बैठक

बैठक में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और शांति समिति के सदस्यों ने सुरक्षा, यातायात, बिजली व्यवस्था और विसर्जन मार्गों को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

19 अक्टूबर को जवारा, 20 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन

बैठक में बताया गया कि 19 अक्टूबर को जवारा विसर्जन होगा। वहीं 20 अक्टूबर को महाआरती के बाद शाम से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू किया जाएगा।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने नगर निगम को विसर्जन मार्गों की सड़कों की मरम्मत और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। विसर्जन मार्गों पर पेयजल और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि दुर्गा प्रतिमाएं निर्धारित क्रम और तय मार्ग से ही विसर्जन के लिए जाएंगी। उन्होंने दुर्गा समितियों और समाजसेवियों से प्रशासन व पुलिस के साथ समन्वय बनाकर आयोजन को व्यवस्थित रखने की अपील की।

कटनी शांति समिति की बैठक में बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश

विसर्जन जुलूस के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए बिजली विभाग को विसर्जन मार्गों पर झूलते, लटकते और कम ऊंचाई वाले बिजली तारों को समय रहते व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।

दुर्गा समितियों को प्रतिमा स्थापना से पहले पंडाल के लिए अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने के लिए भी कहा गया है।

जुलूस मार्ग और विसर्जन स्थलों पर CCTV से निगरानी

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कटनी शांति समिति की बैठक में बताया कि त्योहारों के दौरान बेहतर यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था के लिए जुलूस मार्ग पर CCTV कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक प्रमुख विसर्जन स्थल पर भी CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।

उन्होंने दुर्गा समितियों से युवाओं को संयम और अनुशासन के साथ त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

डीजे पर रहेगा प्रतिबंध

कटनी शांति समिति की बैठक में इको फ्रेंडली मिट्टी की दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना पर जोर दिया गया। प्रतिमा विसर्जन और पंडाल के लिए डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग के लिए संबंधित क्षेत्र के SDM, SDOP, CSP या पुलिस थाने से अनुमति लेना आवश्यक होगा।

आगामी पर्व ईद मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन पर्व को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट,थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल ने किया फ्लैग मार्च

बैठक में आजाद चौक से झंडा बाजार तक जुलूस मार्ग पर तीन और चार पहिया वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव भी सामने आया।

प्रशासन ने कानून व्यवस्था का भरोसा दिलाया

कलेक्टर आशीष तिवारी ने शांति समिति के सदस्यों को त्योहारों के दौरान मजबूत कानून व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया। वहीं पुलिस और प्रशासन ने सभी समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम विजयराघवगढ़ प्रमोद चतुर्वेदी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित शुक्ला, अमर ताम्रकार, नवनीत गुप्ता सहित पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button