प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने के लिए मांगे थे 10 हजार,बहोरीबंद जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत कौंडिय़ा का मामला
कटनी। लोकायुक्त पुलिस ने आज बहोरीबंद थाना क्षेत्र के ग्राम कौंडिय़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास स्वीकृत करने के बदले 10 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए ग्राम रोजगार सहायक और सरपंच को धर दबोचा।
आज दोपहर की गई इस कार्यवाही से बहोरीबंद तहसील और जपनद पंचायत के साथ ही पूरे जिले में हड़कम्प मच गया है। लोकायुक्त पुलिस ने ग्राम रोजगार सहायक और सरपंच के विरूद्ध मामला दर्ज किया है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम कोडिया तहसील बहोरीबंद थाना स्लीमनाबाद निवासी उस्ताद कुशवाहा पिता रामजी कुशवाहा ने जनपद पंचायत बहोरीबंद के अंतर्गत ग्राम पंचायत कौडिय़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत करने के लिए आवेदन दिया था। जिस पर ग्राम रोजगार सहायक अजय कुमार चक्रवर्ती एवं ग्राम पंचायत कौंडिया के प्रधान सरपंच भरत कुमार गुप्ता द्वारा उस्ताद कुशवाहा से 10 हजार रूपए की मांग की जा रही थी।
जिस पर उस्ताद कुशवाहा ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की थी। लोकायुक्त पुलिस ने ग्राम रोजगार सहायक और सरपंच को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार करने की योजना तैयार की। बताया जाता है कि आज सुबह ही लोकायुक्त पुलिस का दल बहोरीबंद पहुंच गया था और योजना के मुताबिक जैसे ही उस्ताद कुशवाहा ने ग्राम रोजगार सहायक और सरपंच को रिश्वत की रकम 10 रूपए दी, वैसे ही लोकायुक्त पुलिस ने दबिश दे दी। दोनों को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। कार्यवाही में निरीक्षक घनश्याम मर्सकोले, कमल सिंह उईके, भूपेंद्र दीवान, आरक्षक दिनेश दुबे, अमित मंडल, विजय सिंह बिष्ट एवं जीत सिंह की भूमिका रही।

