Site icon Yashbharat.com

Katni Crime News: झाडफ़ूंक के दौरान चिमटे से मारपीट, पीडि़त युवक की मौत जानिए पूरा मामला

yashbharat breaking

कटनी। माधवनगर थाना अंतर्गत कुम्हार मोहल्ला में एक अजीबों गरीब मामला सामने आया है।

माधवनगर के कुम्हार मोहल्ला की घटना

यहां एक युवक की चिमटे से की गई झाडफ़ूंक के दौरान आई चोटों के कारण मौत हो गई है। पुलिस ने मामले में आरोपी गुनिया के विरूद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।

इस संबंध में मामले की विवेचना प्रभारी उपनिरीक्षक गायत्री गुप्ता ने बताया कि मूलत: पड़ोसी जिला उमरिया कोतवाली के अंतर्गत झिलमिल क्षेत्र निवासी 48 वर्षीय प्रदीप पिता डुमारी कोल की पिछले कुछ समय से तबियत खराब रहती थी। परिजनों ने पहले तो उसका उपचार कराया लेकिन दवाओं से आराम नहीं लगा।

जिसके बाद परिजनों ने झाडफ़ूंक का सहारा लिया और प्रदीप को उसके छोटे भाई की ससुराल कुम्हार मोहल्ला लेकर आए। यहां ससुराल पक्ष का मिठ्ठू कोल नामक युवक झाडफ़ूंक का काम करता था। मिठ्ठू ने झाडफ़ूंक से प्रदीप की तबियत ठीक होने का दावा किया और उसकी झाडफ़ूंक शुरू की। बताया जाता है कि मिठ्ठू लोहे के चिमटे से प्रदीप की झाडफ़ूंक करने लगा और झाडफ़ूंक के दौरान प्रदीप के साथ लोहे के चिमटे से मारपीट भी करने लगा। जिसके कारण प्रदीप के शरीर में कई जगह चोटे आई और इन्ही चोटों के कारण प्रदीप की मौत हो गई।

मार्च में हुई थी घटना

उपनिरीक्षक एम.एल.करण ने बताया कि यह घटना बीती 9 मार्च 2022 को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच घटित हुई थी। जिसके बाद परिजन प्रदीप को लाश को लेकर उमरिया गए। अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच लोगों ने प्रदीप के शरीर में चोट के निशान देखे तो इसकी सूचना उमरिया पुलिस को दी। जिसके बाद उमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदीप के शव को अपने अधिकार में लेकर उसका शवपरीक्षण कराया तथा शून्य में मर्ग प्रकरण कायम कर मर्ग डायरी जांच हेतु माधवनगर पुलिस को भेजी। माधवनगर पुलिस ने मर्ग जांच करते हुए आरोपी गुनिया मिठ्ठू कोल के विरूद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला धारा 304 के तहत दर्ज कर लिया है।

आरोपी हिरासत में

पुलिस ने बताया कि आरोपी मिठ्ठू कोल के विरूद्ध मामला दर्ज करने के साथ ही उसे हिरासत में ले लिया गया है। उपनिरीक्षक गायत्री गुप्ता के मुताबिक आरोपी की विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Exit mobile version