कटनी। ‘किसान कल्याण वर्ष’ के अंतर्गत आगामी 28 अक्टूबर (बुधवार) को कृषि उपज मंडी परिसर, कटनी में ‘बलराम कृषि महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे से होगा।
इस महोत्सव में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल रूप से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और जिले के किसानों व आमजन को संबोधित करेंगे।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होने वाले इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा एवं अपैक्स बैंक के अध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह यादव सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता व प्रशासनिक अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने की अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने की अपील
बलराम कृषि महोत्सव को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी ‘टंडन’ ने जिले के समस्त अन्नदाता किसान भाइयों, भारतीय जनता पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।
किसानों के सम्मान और कृषि उन्नयन का संकल्प
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष तीरथ पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महोत्सव अन्नदाता किसानों के सम्मान, कृषि के उन्नयन और किसान कल्याण के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी किसान भाइयों से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागी बनने की अपील की है।
कार्यक्रम की मुख्य झलकियां:
-
आयोजन: बलराम कृषि महोत्सव (किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत)
-
दिनांक व समय: 28 अक्टूबर (बुधवार), प्रातः 11:00 बजे
-
स्थान: कृषि उपज मंडी परिसर, कटनी
-
मुख्य अतिथि (वर्चुअल): डॉ. मोहन यादव (मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश)
-
विशेष उपस्थिति: श्री जयपाल सिंह चावड़ा (प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा किसान मोर्चा), श्री महेंद्र सिंह यादव (अध्यक्ष, अपैक्स बैंक)

