katniLatestमध्यप्रदेश

Katni शहर में बढ़ रहा डेंगू का कहर, स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की लापरवाही, निजी अस्पताल काट रहे चांदी

कटनी। शहर में डेंगू का कहर जारी है। दिनों दिन डेंगू संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। सबसे ज्यादा डेंगू पॉजिटिव मरीज नईबस्ती, आधारकाप, खिरहनी फाटक क्षेत्र में हैं। 24 घंटे के भीतर डेंगू के नए संक्रमित मिले हैं। इसके बावजूद न ही स्वास्थ्य विभाग और न ही नगर निगम तेजी से फैलते डेंगू को नियंत्रित करने कदम उठा रहा है जबकि डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग व दवाओं का छिडक़ाव कराया जाना चाहिए।

जिले में डेंगू तेजी से कहर बरपा रहा है। 24 घंटे के भीतर जिले में कई डेंगू पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। जिले में डेंगू पॉजिटिव मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। शहर के नईबस्ती, संतनगर, आधारकाप, खिरहनी फाटक क्षेत्र में ज्यादा डेंगू पॉजिटिव हैं। इन क्षेत्रों में डेंगू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है।

बीते वर्षों में डेंगू से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद भी जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग कोई कारगर कदम उठाने में सफल नहीं हो पा रहा है। जिला अस्पताल में डेंगू का उपचार न होने के कारण लोगों को मंहगे निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण गली-गली में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई। जिसके कारण डेंगू बेलगाम हो रहा है।

निचली बस्तियों की गलियों में गहरा पानी भरा हुआ है तथा गंदगी फैली हुई है। अनेक बार शिकायत करने के बाद भी जिला व नगर निगम प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। गलियों में चारों तरफ गंदगी है पिछले 1-2 साल से गलियों में गंदगी भरी हुई है इसलिए बीमारी फैल रही है। डेंगू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारी भी कमजोर नजर आ रही है। जिसके कारण धीरे-धीरे डेंगू बेकाबू होता जा रहा है।

निजी अस्पताल काट रहे चांदी

जिला अस्पताल में डेंगू का समुचित उपचार न मिलने की वजह से इससे प्रभावित मरीज निजी अस्पतालों का रूख कर रहे हैं। इसका फायदा निजी अस्पताल संचालक उठा रहे हैं तथा डेंगू प्रभावित मरीजों को मौत का भय दिखाकर मनमाना उपचार करते हुए चांदी काट रहे हैं।

कलेक्टर से अपील

डेंगू प्रभावित क्षेत्रों के रहवासियों ने कलेक्टर अवि प्रसाद का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए इसके रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों ने यशभारत डॉट काम को बताया कि डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में शिविर लगाकर इसे नियंत्रित करने की पहल प्रशासन को करना चाहिए क्योंकि दिनोंदिन यह बीमारी तेजी से फैलती जा रही है और संक्रमितों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

Back to top button