Monday, April 20, 2026
Latest:
Latest

Katni: प्लास्टिक गोदाम में आग से दहशत, जानिए पूरा हादसा 

कटनी(विवेक शुक्ला)। रिहायशी इलाकों में बने गोदाम यहां रहने वाले लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन रहे हैं। गोदाम बनाने के लिए न तो कोई प्रशासनिक अनुमति ली जाती है।

और न ही यहां सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम किए जाते हैं। यदि इन गोदामों में आग लग जाए तो फायर ब्रिगेड को आग बुझाना भी मुश्किल हो जाता है।

कुछ ऐसा ही नजारा आज सुबह सावरकर वार्ड स्थित पुरानी एलआईसी बिल्डिंग के पीछे उस समय देखने को मिला, जब आनंद प्लास्टिक के गोदाम में भयावह आग लग गई।

गोदाम से धुआं उठता देख क्षेत्रीय नागरिकों ने फायर ब्रिगेड को खबर दी। खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड यहां पहुंच गई। बताया जाता है कि आग की लपटें इतनी तेज थी कि थोड़ी ही देर में इसने उग्र रूप धारण कर लिया था।

फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को भी आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, एएसपी संदीप मिश्रा, सीएसपी शशिकांत शुक्ला, कोतवाली टीआई विजय विश्वकर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। रिहायशी क्षेत्र के बीच में स्थित गोदाम में लगी आग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिसकी जांच किया जाना जरूरी है।

रिहायशी क्षेत्र में गोदाम बनाने की अनुमति किसने दी है। बिल्डिंग का नक्शा नगर निगम द्वारा व्यवसायिक रूप में पास किया गया है कि रिहायशी, साथ ही निर्माण नक्शे के अनुरूप हुआ है या नहीं।

इसके अलावा निर्माण के दौरान नियमों का पालन किया गया है या नहीं। इतने भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ का स्टॉक रखने वाले ने अग्निशमन की व्यवस्था की थी कि नहीं। क्या नगर निगम के अग्निशमन विभाग द्वारा एनओसी जारी की गई थी और यदि जारी की गई थी तो क्या अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कोई उपाय किए गए थे।

शहर के कई क्षेत्रों में नियमविरूद्ध बने हैं गोदाम 

शहार के बिलैया तलैया सब्जी मंडी से लेकर गुरूनानक वार्ड, सावरकर वार्ड, शंभू टॉकीज में इस तरह के कई गोदाम बने हुए हैं, जो कि रिहायशी इलाकों में संचालित हैं। जिससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है। इस दुर्घटना ने क्षेत्रवासियों के जेहन में दहशत पैदा कर दी है। हर समय खतरा बना रहता है, जिसका खामियाजा क्षेत्र के निवासियों को झेलना पड़ सकता है।

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन से अपेक्षा की है कि आज की दुर्घटना को दृष्टिगत रखते हुए स्टेशन रोड, बिलैया तलैया सब्जी मंडी, बरही रोड, गुरूनानक वार्ड, सावरकर वार्ड से लेकर शंभू टॉकीज तक जितने भी व्यवसायिक प्रतिष्ठान बने हैं, उनकी जांच की जाए तथा देखा जाए कि क्या उन्होंने नियमानुसार निर्माण किया है, जो व्यवसाय कर रहे हैं, उसको करने के लिए नियमों का पालन कर रहे हैं कि नहीं।

कांग्रेस नेता के ऑफिस में घुस गई फायर ब्रिगेड 

बताया जाता है कि आज सुबह आनंद प्लास्टिक में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल के लिए रवाना हुई। इसी दौरान एक गाड़ी गुरूनानक वार्ड में कांग्रेस नेता मौसूफ अहमद बिट्टू के ऑफिस की शटर को तोड़ते हुए इससे जा टकराई।

यह तो गनीमत रही कि उस समय ऑफिस में कांग्रेस नेता नहीं थे। कांग्रेस नेता मौसूफ अहमद बिट्टू ने बताया कि वे रोज सुबह वार्ड के लोगों की समस्याएं सुलझाने के लिए ऑफिस जाते थे लेकिन आज ऑफिस जाने में थोड़ा देर हो गई, इसी दौरान उपनिरीक्षक अंकित मिश्रा ने फोन करते हुए उन्हें ऑफिस में फायर ब्रिगेड अनियंत्रित होकर घुसने की सूचना दी। वे इस घटना में बाल-बाल बच गए।

इनका कहना है 

आनंद प्लास्टिक में आज सुबह हुई इस घटना के बाद एक जांच समिति का गठन किया गया है। जो शहर में रिहायशी इलाकों में संचालित इस तरह के गोदामों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच करेगी। विधिवत अनुमति के साथ गोदाम और व्यवसायिक प्रतिष्ठान संचालन के संबंध में दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।

मयंक अवस्थी, पुलिस अधीक्षक

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम