Site icon Yashbharat.com

KATNI: पुराने न्यायालय भवन में शिफ्ट होगा वेक्सीनेशन सेंटर, कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के बाद निर्णय

yashbharatnew

कटनी। जिले में पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ गई है। अगले कुछ दिनों तक यदि इसी तरह कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती रही, तो जिला चिकित्सालय में बेड की कमी की समस्या खड़ी हो जाएगी।

इस समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। सीएमएचओ डॉ. प्रदीप मुढिय़ा ने बताया कि जिला चिकित्सालय में अभी जहां पर वेक्सीनेशन हो रहा है, उस वार्ड को खाली कराकर वहां कोविड वार्ड बनाया जा रहा है और वेक्सीनेशन सेंटर को पुराने न्यायालय भवन में शिफ्ट किया जा रहा है।

प्रशासन से भी इस पर सहमति मिल गई है और जल्द ही इस रणनीत पर काम किया जाएगा। सीएमएचओ ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। यही हाल रहा तो जिला चिकित्सालय में कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती करते हुए इलाज करने में दिक्कतें आ सकती हैं। पिछले दिनों इसको लेकर प्रशासन से भी चर्चा हुई थी।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के बीच इस बात पर सहमति बनी है कि जिला चिकित्सालय के अलावा अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों और शासकीय छात्रावासों को भी कोविड वार्ड बनाया जाए, इसको लेकर विगत दिवस माधवनगर स्थित छात्रावासों का निरीक्षण भी किया गया था लेकिन छात्रावास में बच्चों के कारण इसे कोविड वार्ड बनाए जाने का निर्णय नहीं लिया गया।

बताया जाता है कि जिला चिकित्सालय में जिस वार्ड में अभी वेक्सीनेशन हो रहा है, उसे खाली कराकर कोविड वार्ड बनाया जा रहा है। इसके अलावा एनआसी और अन्य वार्डों को भी कोविड वार्ड के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है, जबकि वेक्सीनेशन सेंटर को एसबीआई की मुख्य शाखा के बाजू में पुराने न्यायालय भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुराने न्यायालय भवन का निरीक्षण करते हुए इस पर सहमति प्रदान की है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।

जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिससे जिला चिकित्सालय में आने वाले दिनों बिस्तरों की कमी हो सकती है। इस समस्या से निपटने के लिए नए कोविड वार्ड बनाए जाने पर निर्णय हुआ है। वेक्सीनेशन सेंटर को पुराने न्यायालय भवन में शिफ्ट करते हुए वेक्सीनेशन सेंटर को कोविड वार्ड बनाया जा रहा है।
-डॉ. प्रदीप मुढिय़ा, सीएमएचओ

Exit mobile version