Katni: घर से शौच के लिए निकली अविवाहित युवती का मर्डर

कटनी। कुठला थाना अंतर्गत इंद्रानगर में आज सुबह घर से शौच के लिए निकली एक 17-18 वर्षीय अविवाहित किशोरी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

आरोपी ने दुपट्टे से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट, जबलपुर बायपास मार्ग के किनारे खाली प्लाट की बाउंड्री के अंदर मिली लाश

जबलपुर-रीवा बायपास मार्ग के किनारे स्थित एक खाली प्लाट की बांउण्ड्रीवाल के अंदर किशोरी की लाश देख लोगों ने इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी।

जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला, एफएसएल अधिकारी डॉ. अवनीश सिसोदिया, कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह, उपनिरीक्षक अंकित मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने शव को परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और अज्ञात आरोपी के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।

इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक इंद्रानगर क्षेत्र निवासी कमलेश निषाद की 17-18 वर्षीय पुत्री माधुरी निषाद आज सुबह रोज की तरह घर से शौच के लिए निकली थी।

शौच के लिए घर से निकली वापस नही लौटी

शौचक्रिया से निवृत्त होकर आज जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी खोजखबर लेने निकले।

खोजखबर के दौरान जबलपुर-रीवा बायपास मार्ग के किनारे खाली पड़े प्लाट की बांउड्रीवाल के अंदर माधुरी की लाश पड़ी मिली तथा उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारी और कुठला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। माधुरी का जिला चिकित्सालय में पीएम कराया गया।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मामले की तफ्तीश जारी-थाना प्रभारी
कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह के मुताबिक माधुरी की गला घोंटकर हत्या की है लेकिन उसकी हत्या किसने और क्यों की। इस बात का पता नहीं चल सका है।

परिजनों से पूछताछ

परिजनों से पूछताछ के बाद माधुरी की सहेलियों से भी पूछताछ कर आरोपी के संबंध में पता लगाया जा रहा है। इसके अलावा परिजनों के बयान के आधार पर क्षेत्र के कुछ संदिग्ध युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

दुष्कर्म के बाद हत्या का संदेह

उधर परिजनों ने दुष्कर्म के बाद माधुरी की हत्या करने का संदेह व्यक्त किया है। परिजनों ने मामले में क्षेत्र के ही कुछ युवकों पर हत्या का संदेह भी व्यक्त किया है। जिसके बाद पुलिस ने संदेही आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version