Site icon Yashbharat.com

Katni अवैध शराब का विक्रय बंद कराने SP आफिस में धरने में बैठी महिलाएं

IMG 20230905 WA0011

Katni स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम निमास से दर्जन भर से अधिक महिलाओं ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में धरना देकर शराब का अवैध विक्रय बंद करवाने की मांग की जबकि चार दिन पहले ही अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उमेश जोगा ने संभाग भर के पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

जिले के पुलिस अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के निर्देशों का पालन तो किया लेकिन जिले की पुलिस की कार्रवाई महुआ लाहन को नष्ट करने तथा हाथ भट्ठी शराब के ठिकानों तहस-नहस करने तक ही सीमित रही। पुलिस ने देशी व विदेशी शराब के अवैध ठिकानों की ओर देखा तक नहीं।

बहरहाल आलम यह है कि गांव-गांव ठेकेदार पैकारियां खोलकर शराब का अवैध विक्रय करवा रहे है और आबकारी व पुलिस अनदेखी कर रही है। जिससे पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की भी पोल खुल रही है। धरने में बैठी महिलाओं ने बताया कि ग्राम पंचायत निवास के रामपुर मोहल्ला व स्कूल के पास पैकारी का संचालन किया जा रहा है। गांव के पुरुष शराब पीकर आए दिन गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर रही है।

महिलाओं से अभद्रता की जाती है। बच्चों को स्कूल जाने में समस्या हो रही है। महिलाओं ने बताया कि हम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते है। शराब का अवैध विक्रय बंद करने का कहने पर विक्रेता धमकी देता है कि हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे। महिलाओं ने आरोप लगाया कि थाने वाले भी पैसा लेकर शराब बेचने वालों को कुछ नहीं करते। महिलाओं ने आठ दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी। महिलाओं की शिकायत पर एएसपी मनोज केडिया ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने भी की है घोषणा

उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी एक सभा को संबोधित करते हुए यह कहा है कि जिस क्षेत्र में महिलाएं नहीं चाहेंगी, वहां अवैध शराब तो क्या लाइसेंसी शराब की दुकान भी नहीं खुलेगी।

Exit mobile version