Site icon Yashbharat.com

Katni: अवैध मैरिज गार्डनों पर लटक रही तलवार

awaidhnirman

कटनी। शहर में अवैध रूप से संचालित मैरिज गार्डन को नोटिस जारी किए जाने के बाद भी अब तक एक भी मैरिज गार्डन पर कार्रवाई नहीं की गई है। कल नगर निगम का अमला माधवनगर के एक मैरिज गार्डन पर कार्यवाही के लिए पहुंचा था लेकिन कार्यवाही किए बिना ही वापस लौट आया। इसके अलावा अन्य मैरिज गार्डन पर कार्यवाही पुलिस बल के अभाव में नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि बल की मांग से संबंधित नगर निगम का कोई पत्र उन्हें नहीं मिला, जबकि नगर निगम प्रशासन का कहना है कि पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित पुलिस थानों को पुलिस बल की मांग से संबंधित पत्र भेजा गया था, इसके बाद भी कार्यवाही के लिए बल नहीं भेजा गया।

गौरतलब है कि शहर में करीब एक दर्जन से अधिक मैरिज गार्डन अवैध रूप से संचालित है। इनमे कुछ तो ऐसे हैं, जिनका न तो पंजीयन है और न ही वे नगर निगम में किसी भी तरह का कोई शुल्क जमा कर रहे हैं। कई मैरिज गार्डन गली कूचे में संचालित है, जहां जाने के लिए न तो रास्ता है और न ही पार्किंग की व्यवस्था।

बताया जाता है कि नगर निगम द्वारा शहर के पांच मैरिज गार्डन पर कार्यवाही के लिए विगत दिवस नोटिस जारी किया गया है। जिसमे उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर स्थित बाबा नारायण शाह मैरिज गार्डन, बस स्टेंड स्थित चौरसिया मैरिज गार्डन, आदर्श कॉलोनी स्थित मुहूत मैरिज गार्डन, नदीपार स्थित सत्यम मैरिज गार्डन एवं आदर्श वाटिका भोला साहू का मैरिज गार्डन शामिल है।

बताया जाता है कि अवैध रूप से बने इन मैरिज गार्डनों पर कार्यवाही के लिए 28 फरवरी की तारीख तय की गई थी और कार्यवाही के दौरान पुलिस बल की उपस्थिति के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा सभी संबंधित थानों को पत्र भी लिखा गया था।

विरोध के बाद राशि जमा करने तैयार हुआ संचालक
बताया जाता है कि उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर में अवैध रूप से संचालित बाबा नारायण शाह मैरिज गार्डन को ढहाने के लिए नगर निगम का अमला दोपहर बाद यहां पहुंचा लेकिन कार्यवाही के पहले ही मैरिज गार्डन के संचालक श्याम पंजवानी ने कार्यवाही का विरोध शुरू कर दिया। श्याम पंजवानी ने कहा कि उनके द्वारा नगर निगम में निर्धारित राशि जमा करा दी जाएगी। राशि जमा करने के आश्वासन के बाद नगर निगम के अधिकारी वापस लौट आए। इसके बाद नगर निगम के अधिकारी दूसरे मैरिज गार्डन में कार्यवाही के लिए पहुंचे लेकिन पुलिस बल नहीं होने की वजह से कार्यवाही की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
इनका कहना है
शहर में अवैध रूप से संचालित मैरिज गार्डन पर कार्यवाही के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किया गया था। बाबा नारायण शाह मैरिज गार्डन के संचालक द्वारा राशि जमा करने के लिए कहा गया है। बाकी अन्य मैरिज गार्डन पर भी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस को भी बल भेजन के लिए पत्र लिखा गया था, इसके बावजूद बल नहीं भेजा गया। इसके अलावा दो अन्य अवैध निर्माणों को भी ढहाने की कार्यवाही की जा रही है।
-राकेश शर्मा, कार्यपालन यंत्री नगर निगम

Exit mobile version