कटनी। रक्षाबंधन के दूसरे दिन कल गुरुवार की शाम जिले भर में कजलिया पर्व धूमधाम से मनाया गया। कजलियां सबसे पहले घरों से उठकर देव स्थान पहुंची। यहां से लोग जल स्रोतों में लेकर पहुंचे, यहां पर कजलियों को विसर्जित करते हुए उन्हें साफ कर वापस देवस्थान पहुंचे और भगवान को कजलियां अर्पित कर एक दूसरे को भेंटकर पर्व की बधाई दी।
छोटों ने बड़ों को कजलियां भेंटकर आशीर्वाद प्राप्त किया वहीं बड़ों ने भी छोटों पर जमकर आशीष लुटाया। एक दूसरे के घर जाकर भी कजलियां भेंट की गईं। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पर्व की खासी धूम रही।
शहर में कजलियां पर्व का खासा उल्लास देखा गया। शहर के गाटर घाट स्थित मंदिर के समीप परिसर में बारडोली उत्सव समिति द्वारा कजलियां मेले का आयोजन किया गया। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, कठपुतली नृत्य, दलदल घोड़ी नृत्य कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। सुरक्षा के मद्देनजर कोतवाली प्रभारी आशीष शर्मा व यातायात प्रभारी राहुल पांडे पुलिस बल के साथ मेले का भ्रमण करते रहे।
इनकी रही उपस्थिति
बारडोली उत्सव समिति द्धारा गाटर घाट में आयोजित कजलिया मेले में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व महापौर विजेन्द्र मिश्रा(राजा भैया) रहे जबकि विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रियदर्शन गौर, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला, ज्योति विनय दीक्षीत, अजय जैसवानी, बारडोली उत्सव समिति अध्यक्ष राजू रजक, लल्लू सोनी, मनोज निगम, विष्णु बाजपेई, रमाकांत दीक्षीत, किशोर कांचकर सहित समति के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
झूलों और व्यंजनों का भी मिला लुत्फ
मेला में समिति के द्वारा खास इंतजाम किए गए थे। यहां पर बच्चों के लिए झूलेए चकरी व अन्य आयोजन किए गए थेए जिसमें बच्चे झूलते वह खेलते हुए नजर आए। इसके अलावा गृहस्थी के सामग्री की दुकान में लगी हुई थी जहां पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। इसके अलावा परिसर में व्यंजनों के स्टाल लगे थेए जहां पर लोगों ने व्यंजनों का स्वाद चखा।




















