Jharkhand Municipal Poll: 5 नगर निगम समेत 34 निकायों में मतदान शुरू

नई दिल्ली। झारखंड में 5 नगर निगम समेत 34 निकायों में चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है. खास बात ये है कि पहली बार दलीय आधार पर निकाय चुनाव हो रहे हैं. जाहिर है नेताओं के वादे और घोषणाओं के बाद अब जनता की बारी है.
करीब 21 लाख वोटर्स इस चुनाव में हिस्सा लेंगे. 749 पदों के लिए हो रहा ये चुनाव काफी दिलचस्प होनेवाला है. इस बार के 34 नगर निकायों में 50 फीसदी सीट महिलाओं के लिए रिजर्व हैं. मतदान को लेकर चुनाव आयोग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं. कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा. मतदान के लिए कुल 2389 बूथ बनाए गए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर 1065 बूथों को अतिसंवेदनशील और 981 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है.
12 हजार अतिरिक्त सुरक्षाबलों की भी तैनाती की गई है. मतदान की मॉनिटरिंग के लिए पुलिस मुख्यालय और राज्य निर्वाचन आयोग में कंट्रोल रुम बनाए गए हैं. पहली बार दलीय आधार पर हो रहे चुनाव में नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर के साथ ही नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद को लेकर कई नेताओं की साख भी दांव पर लगी है.








