कुठला जोबी मोड़ पर सराफा कारोबारी से ढाई लाख के जेवरों की लूट,दो बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता रोककर की मारपीट, बैग छीनकर हुए फरा
कटनी। जिले में लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में कारोबार करने वाले लोग भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला कुठला थाना क्षेत्र के जोबी मोड़ का है, जहां दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और बैग में रखे करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जोबी कला निवासी अनिल सोनी (51), पिता राजकुमार सोनी, ग्रामीण क्षेत्रों में फेरी लगाकर सोने-चांदी के आभूषण बेचने का काम करते हैं। गुरुवार की देर शाम वह आसपास के गांवों में कारोबार करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जोबी मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी के सामने अपनी बाइक अड़ाकर उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और बैग में रखे नए एवं पुराने सोने-चांदी के आभूषण छीनकर मौके से भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित देर रात कुठला थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट एवं मारपीट का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस की टीमें जुटाई गई हैं।













