ज्वेलर्स कारोबारी से सोने के जेवर और नकदी की धोखाधड़ी का आरोप, नकली चांदी रखने की सराफा व्यापारियों ने कोतवाली में की शिकायत
कटनी। शहर के शेर चौक स्थित श्री देवा ज्वेलर्स के संचालक राकेश सोनी ने आजाद चौक निवासी सचिन सोनी पर सोने के जेवर और नकदी लेकर वापस नहीं करने तथा अमानत के तौर पर रखी चांदी के नकली होने का आरोप लगाया है। मामले में उन्होंने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, राकेश सोनी सोने-चांदी के कारोबार से जुड़े हैं और सचिन सोनी के साथ पिछले चार से पांच वर्षों से व्यापारिक लेन-देन कर रहे थे। आरोप है कि 3 अगस्त 2023 को सचिन सोनी उनकी दुकान से 18 कैरेट के कुल 62.920 ग्राम और 20 कैरेट के सोने के जेवर लेकर गया था। उसने जेवर बेचकर राशि बैंक खाते में जमा करने और शेष जेवर वापस करने की बात कही थी। इसी दौरान उसने 19.991 किलोग्राम चांदी भी अमानत के तौर पर रखी तथा एक लाख रुपये का चेक दिया, जिसकी राशि शिकायतकर्ता के अनुसार आज तक प्राप्त नहीं हुई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सचिन सोनी ने बाद में 93.200 ग्राम सोने के जेवर गिरवी रखने के नाम पर तत्काल आवश्यकता बताते हुए 6 लाख 10 हजार रुपये लिए थे। उसने एक से दो माह में रकम ब्याज सहित लौटाने और जेवर वापस लेने का आश्वासन दिया था। हालांकि, निर्धारित समय बीतने के बाद भी न तो रकम लौटाई गई और न ही जेवर वापस किए गए। राकेश सोनी के मुताबिक, संदेह होने पर जब अमानत में रखी चांदी की जांच कराई गई तो उसमें मात्र 2.5 प्रतिशत शुद्धता होने की बात सामने आई। इसी तरह, 93.200 ग्राम सोने के जेवरों की जांच में भी कथित तौर पर निर्धारित मानक से काफी कम शुद्धता पाई गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कई बार संपर्क करने, फोन करने और व्हाट्सएप पर संदेश भेजने के बावजूद उनकी राशि और जेवर वापस नहीं किए गए।
राकेश सोनी ने बताया कि इस संबंध में बातचीत की रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप संदेश उनके पास उपलब्ध हैं, जिन्हें शिकायत के साथ प्रस्तुत करने की बात कही गई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

