Site icon Yashbharat.com

JABALPUR: एल्गिन अस्पताल में नवजात बच्चों को निशाना बना रही खूंखार बिल्ली

13 10 2020 tiger cat12

Jabalpur मध्यप्रदेश के जबलपुर संभाग के सबसे बड़े जिला महिला अस्पताल (एल्गिन) में नवजात बच्चों की सुरक्षा के लिए बिल्लियां खतरा बन गई हैं। शुक्रवार को एक बिल्ली ने नवजात के चेहरे पर पंजा मार दिया। ऐसी ही घटना तीन दिन पहले भी घटित हुई थी। दोनों ही नवजातों को अस्पताल के एसएनसीयू (सघन शिशु इकाई) में भर्ती किया गया है। वहीं घटना के मद्देनजर अस्पताल प्रबंधन ने बिल्लियों को पकड़ने के लिए नगर निगम और वन विभाग से मदद मांगी है।

गुरुवार रात जन्मा है जख्मी नवजात
शुक्रवार को बिल्ली ने जिस नवजात पर हमला कर उसे जख्मी किया है उसका जन्म गुरुवार रात को हुआ है। सुबह करीब पांच बजे बिल्ली ने बच्चे को पंजा मार दिया। नवजात की आंख के पास जख्म हुआ है। इसे लेकर अस्पताल में हंगामा भी हुआ। नवजात को एसएनसीयू में भर्ती कराया गया है।

तीन दिन पहले मां दूध पिला रही थी तब दूसरे को मारा पंजा
तीन दिन पहले भी बिल्ली ने एक मासूम को पंजा मारा था। उस समय नवजात को उसकी मां दूध पिला रही थी। नवजात के चेहरे पर पंजा लगा है। उसे भी एसएनसीयू में भर्ती किया गया है। दोनों मासूमों की हालत ठीक है।

अस्पताल प्रबंधन सकते में
बिल्लियों के हमले को लेकर अस्पताल प्रबंधन भी सकते में है। अस्पताल के अधीक्षक ने कहा, ‘एक बिल्ली ने एक हफ्ते में अस्पताल में दो नवजात बच्चों पर हमला किया। हमने वन विभाग को पत्र लिखा है। दोनों बच्चे अभी ठीक हैं।’

डरे हुए हैं दूसरे परिजन 
बिल्लियों के हमले को लेकर दूसरे परिजन काफी डरे हुए हैं। महिलाओं के प्रसव और नवजात बच्चों की देखरेख को लेकर एल्गिन अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में भर्ती बच्चों के परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

Exit mobile version