Monday, April 20, 2026
Latest:
jabalpurLatestमहाकौशल की खबरें

#Jabalpur: पहले दिन 4 प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म खरीदे

जबलपुर। लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन फार्म की प्रक्रिया मंगलवार को शुरू हो गई। पहले दिन 4 प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म खरीदे। इनमें 3 उम्मीदवारों ने निक्षेप राशि के 62 हजार 500 रुपए नकद जमा कर फार्म लिया तो वहीं चौथा उम्मीदवार निःशुल्क फार्म लेकर गया। इस प्रक्रिया के तहत कोई भी व्यक्ति निःशुल्क भी फार्म ले सकता है, लेकिन उसे सिर्फ फार्म ही दिया जाता है। प्रत्याशी के लिए जारी होने वाली बुकलेट व रजिस्टर नहीं मिलेगा।

जिले की आठों विधानसभा के लिए रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। नामांकन फार्म को जमा करने के लिए 9 अप्रैल तक का समय दिया गया है। इसके बाद फार्म की छटनी व अधिकृत प्रत्याशी की सूची तैयार की जाएगी।

इन्होंने लिए फार्म

– सुबह की पाली में रिटर्निंग अधिकारी छवि भारद्वाज ने नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत की। इसके बाद संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी रिटर्निंग अधिकारी नमःशिवाय अरजरिया की मौजूदगी में फार्म का वितरण किया गया। सबसे पहले अशोक सिंग लोधी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर फार्म लिया। इसके बाद चंद्रप्रकाश भटनागर आरक्षण विरोधी पार्टी, सुखदेव दाहिया भारतीय जनसंपर्क पार्टी ने निक्षेप राशि जमा कर फार्म लिया। वहीं चौथे उम्मीदवार ढाई अक्षर राकेश सोनकर ने बिना निक्षेप राशि के फार्म लिया।

विधानसभावार काउंटर बनाए

– रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के बाहर आठों विधानसभा के लिए स्टाफ को तैनात किया गया। यहां से विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से फार्म वितरित किए जाएंगे। हालांकि फार्म लेने वालों की एंट्री एक ही जगह पर की जा रही है।

दोपहर 3 बजे तक का समय

– फार्म लेने व जमा करने का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। 9 अप्रैल तक फार्म जमा होंगे।

– दो दिन 6 और 7 अप्रैल को अवकाश रहेगा। अवकाश दिवस में फार्म नहीं लिए जाएंगे।

– नामांकन फार्म की संवीक्षा 10 अप्रैल को सुबह 11 बजे से की जाएगी।

– उम्मीदवार 12 अप्रैल की दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे।

– नाम वापसी की समय-सीमा खत्म होने के तुरंत बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी और चुनाव चिन्ह आवंटित होंगे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply