Jabalpur ग्वारीघाट सहित शहर के कोविड प्रोटोकॉल तोड़ने वाले 123 दुकानदारों के कटे चालान, 16 हजार की वसूली

आशीष शुक्ला..

जबलपुर । नगर निगम स्वास्थ्य विभाग के सभी मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों के द्वारा आज नगर निगम के प्रशासक बी. चन्द्रशेखर, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एवं निगमायुक्त अनूप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने तथा कोविड-19 के संक्रमण से बचने शासन द्वारा प्रेषित मार्गदर्शिका का पालन कराने के लिए प्रतिदिन शहर भर में कार्यवाही की जा रही है।

इस दौरान टीम के सदस्यों द्वारा मास्क न लगाने वाले नागरिकों, एवं दुकानदारों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही की जा रही है, इसके साथ-साथ सोशल एवं फिजिकल डिस्टेंस बनाकर ही व्यापार करने की समझाइश भी दी जा रही है। यदि समझाइश देने के उपरांत भी नागरिकों एवं दुकानदारों के द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उन परिस्थितियों में उनके विरूद्ध भी चालानी कार्यवाही कर उनसे स्पॉट फाइन की राशि वसूली जा रही है।

इसी कड़ी में आज ग्वारीघाट क्षेत्रों के अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की गयी और 123 उन नागरिकों एवं दुकानदारों के विरूद्ध चालान काटा गया जिनके द्वारा बार-बार समझाने के बाद भी बिना मास्क लगाये आवागमन करने के साथ साथ व्यापार कर रहे थे।

निगमायुक्त अनूप कुमार सिंह ने बताया कि उपरोक्त कार्रवाई के अलावा यातायात अवरूद्ध करने वाले लोगों के विरूद्ध भी निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ साथ सड़कों पर भवन सामग्री रखकर सड़कों की स्थिति अव्यवस्थित करने वालों के विरूद्ध भी जुर्माना लगाने की कार्यवाही की जा रही है। आज उक्त कार्यवाही के अंतर्गत 16 हजार रूपये की राशि स्पॉट फाइन के रूप में वसूल की गयी। कार्यवाही के दौरान संभाग के संभागीय अधिकारी, संभागीय यंत्री, स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड सुपरवाईजर्स आदि उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि निगमायुक्त श्री सिंह के द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने लगातार साकारात्मक प्रयास किये जा रहे हैं। इस व्यवस्था को और सुदृढ करने की दिशा में निगमायुक्त द्वारा प्रषासनिक व्यवस्थाओं में कसावट लाने के साथ-साथ शहर के सम्मानीय नागरिकों को भी इस पुनीत कार्यो में भागीदारी कर निगम प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की जा रही है। निगमायुक्त श्री सिंह ने बताया कि शहर हम सभी का है, हम सभी मिलकर ही शहर को साफ, स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने की भूमिका अदा कर सकते हैं।

Exit mobile version