jabalpur

Jabalpur : कोरोना वाइरस को रोकने छोटी ओमती, बरगी सहित जबलपुर में 14 कन्टोन्मेंट जोन बने

जबलपुर । कोरोना वायरस के नये पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद छोटी ओमती, पुत्री शाला को भी कन्टेनमेन्ट जोन बना दिया गया है । इसके पहले कल सोमवार की रात छोटी ओमती को कन्टेनमेन्ट जोन घोषित किया गया था ।

नये बनाये गये कन्टेनमेन्ट जोन को मिलाकर अब जबलपुर शहर में कन्टेनमेन्ट जोन की संख्या 14 हो गई है । जबकि जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एकमात्र कन्टेनमेन्ट जोन बरगी का वार्ड नम्बर सात है ।

जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर भरत यादव ने आज एक आदेश जारी कर छोटी ओमती और पुत्री शाला को कंटेनमेन्ट जोन अधिसूचित कर दिया है ।

जारी आदेश में छोटी ओमती कन्टेनमेन्ट जोन में छोटी ओमती एवं उड़िया मोहल्ला तथा पुत्री शाला कन्टेनमेंट जोन में खलासी मोहल्ला को शामिल किया गया है।

कन्टेनमेन्ट जोन बन जाने के बाद इन क्षेत्रों में आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी । कंटेन्मेंट जोन के रहवासियों को अपने घरों में ही रहना होगा तथा कन्टेनमेन्ट की सभी बंदिशों का पालन करना होगा ।

जिला दण्डाधिकारी ने दोनों कन्टेनमेंट जोन का इंसिडेंट कमांडर एसडीएम रांझी मनीषा वास्कले को नियुक्त किया है । पुलिस की ओर से ओमती थाना प्रभारी एस पी बघेल को छोटी ओमती का और थाना प्रभारी बेलबाग सरबजीत सिंह को पुत्री शाला जोन का नोडल बनाया गया है ।

नगर निगम की ओर से अपर आयुक्त राकेश अयाची दोनों कन्टेनमेन्ट जोन के नोडल होंगे तथा स्वास्थ विभाग की ओर से नोडल की जिम्मेदारी डॉ साक्षी निगम को दी गई है ।
आदेश में नगर निगम को दोनों कन्टेनमेन्ट जोन में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है ।

स्वास्थ विभाग की टीमें कन्टेनमेन्ट जोन में घर-घर जाकर स्वास्थ सर्वे करेंगीं , हाई रिस्क व्यक्तियों को चिन्हित करेंगी और तय गाइड लाइन के अनुसार सेम्पलिंग का कार्य संपादित करेंगीं ।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम