Israel-Iran War Live: दुबई पर सबसे ज्यादा असर, एयरपोर्ट बंद, पीवीसिंधू सहित कई भारतीय फंसे, जयशंकर ने इसराइल और ईरान के विदेश मंत्रियों से बात की

Israel Attacks Iran Live Updates: पश्चिम एशिया में तनाव के बीच आखिरकार अमेरिका और इस्राइल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ईरान पर बड़ा हमला किया। ईरान के कई शहरों पर हवाई हमले हुए। जवाब में ईरान ने कई देशों के अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए। इसी बीच कई देशों की प्रतिक्रिया भी सामने आई। वहीं, भारत ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की। तुर्किये ने भी तनाव कम करने के लिए मध्यस्थता की भूमिका निभाने की भी पेशकश की है। भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधू सहित कई भारतीय UAE में फंसे हैं। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इसराइल और ईरान के विदेश मंत्रियों से बात की है।

इससे पहले न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि इजराइली हमले मे ईरानी रक्षामंत्री अमीर नासिरजादेह और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के कमांडर मोहम्मद पाकपोर की मौत हो गई।

इजराइल ने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान के 10 शहरों पर एयरस्ट्राइक की है। हमले के बाद ट्रम्प ने वीडियो जारी कर कहा कि ईरान पर यह हमला अमेरिकी नागरिकों की रक्षा के लिए किया गया है।

जवाब में ईरान ने इजराइल पर करीब 400 मिसाइलें दागीं और कतर, कुवैत, जॉर्डन, बहरीन, सऊदी अरब व UAE में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया। इतना ही नहीं, ईरान ने UAE के सबसे ज्यादा आबादी वाले शहर दुबई पर भी हमला किया।

इजराइल ने शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर बड़ा हमला किया। ईरानी न्यूज एजेंसियों ने बताया कि दक्षिणी ईरान के एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 85 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 45 घायल हैं।

जयशंकर ने ईरान और इस्राइल के विदेश मंत्रियों से फोन पर की बात

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने कूटनीतिक स्तर पर सक्रिय पहल तेज कर दी है। भारतीय विदेश मंत्री ने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से टेलीफोन पर बातचीत कर क्षेत्र में हालिया घटनाक्रम को लेकर गहरी चिंता जताई। इसके अलावा भारतीय विदेश मंत्री ने इस्राइल के विदेश मंत्री गिडियन सार से भी बातचीत की। भारत ने दोनों पक्षों से संयम बरतने, संवाद बढ़ाने और कूटनीतिक रास्ते से तनाव कम करने की अपील दोहराई। भारत ने स्पष्ट किया कि क्षेत्रीय स्थिरता और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

पाम जुमैरह इलाके में मिसाइल गिरने की रिपोर्ट

ईरान के पलटवार के बीच पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को दुबई के कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देने से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक जुमैरह स्थित मशहूर पाम जुमैरह इलाके के फेयरमोंट होटल के पास मिसाइल गिरने की आशंका जताई गई है। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि यह सीधा मिसाइल हमला था या इंटरसेप्शन के मलबे से आग लगी।

10:11 PM, 28-Feb-2026

परमाणु खतरे पर IAEA की नजर

इस बीच अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने कहा है कि वह क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। एजेंसी के अनुसार अब तक किसी भी तरह के रेडियोलॉजिकल या परमाणु प्रभाव के प्रमाण नहीं मिले हैं। IAEA ने सभी पक्षों से संयम बरतने और परमाणु सुरक्षा से जुड़े जोखिमों से बचने की अपील की है।

10:10 PM, 28-Feb-2026

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में बोलेंगे महासचिव

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस बैठक की शुरुआत में संबोधन देंगे, जो भारतीय समयानुसार देर रात आयोजित होगी।

09:27 PM, 28-Feb-2026

इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है। इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक तस्वीर जारी कर इसकी जानकारी दी, जिसमें नेतन्याहू फोन पर बातचीत करते नजर आए। आधिकारिक विवरण के अनुसार दोनों नेताओं ने मौजूदा सुरक्षा हालात और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा की। हालांकि बातचीत के विषयों को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
बता दें, ईरान ने भी संयुक्त राष्ट्र से की हस्तक्षेप की मांग की थी।  महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को पत्र भेजकर अमेरिका और इस्राइल की सैन्य कार्रवाई पर तत्काल कदम उठाने की मांग की थी।

Exit mobile version