
IPL 2025 नूर अहमद की फिरकी और फिर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र के दमदार प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल-2025 का आगाज जीत के साथ किया। रविवार को खेले गए डबल हैडर के दूसरे मैच में चेन्नई ने अपने घर चेपॉक में मुंबई इंडियंस को चार विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी थी। चेन्नई ने ये लक्ष्य 19.1 ओवरों में हासिल कर लिया।
खलील अहमद को बाहर कर राहुल त्रिपाठी को इम्पैक्ट प्लेयर चुना
चेन्नई ने इस मैच में खलील अहमद को बाहर कर राहुल त्रिपाठी को इम्पैक्ट प्लेयर चुना। वह ऋतुराज गायकवाड़ की जगह रचिन रवींद्र के साथ ओपनिंग करने आए, लेकिन कमाल नहीं कर सके। दूसरे ओवर में दीपक चाहर ने उनको पवेलियन भेज दिया। उन्होंने दो रन ही बनाए। हालांकि, रचिन रवींद्र और कप्तान गायकवाड़ ने फिर मोर्चा संभाला और मुंबई के गेंदबाजों पर प्रहार किए। छह ओवर खत्म होने तक इन दोनों ने बोर्ड पर 62 रन जोड़ दिए थे और अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली थी।
मुंबई के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके
आईपीएल में चेन्नई के लिए अपना पहला मैच खेल रहे नूर अहमद के सामने मुंबई के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। नूर ने चार ओवरों में सिर्फ 18 रन दिए और चार विकेट हासिल किए। उनके अलावा खलील अहमद ने तीन शिकार अपने नाम किए। चेन्नई के लिए रचिन रवींद्र ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। गायकवाड़ ने 26 गेंदों पर 53 रन बनाए। उन्होंने छह चौके और तीन छक्के मारे।