चेन्नई। आईपीएल 2021 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही मुंबई इंडियन्स की टीम बल्लेबाजी के लिए उतर गई है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जानेवाला ये मैच काफी रोमांचक होनेवाला है। RCB के कप्तान विराट कोहली हैं, तो MI के कप्तान रोहित शर्मा। दोनों ही टीमों में एक से बढ़कर एक बल्लेबाज, गेंदबाज और ऑलराउंडर हैं। दोनों की टीमों के कप्तान अपने दम पर टीम को जीत दिलाने का दम रखते हैं। ऐसे में कौन बाजी मारेगा, ये जानना काफी दिलचस्प होगा।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम में कितना दम?
इस टीम में विराट कोहली के अलावा देवदत्त पडिक्कल, एबी डिविलियर्स और ग्लेन मैक्सवेल जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं। जबकि गेंदबाजी में टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी युजवेंद्र चहल हैं, जिन्होंने पिछले सीजन में चहल ने 21 विकेट चटकाए थे। लेकिन चहल ने पिछले पांच टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में सिर्फ चार विकेट लिए हैं और 10.55 के औसत से रन दिये। वहीं तेज गेंदबाजी में टीम के पास मोहम्मद सिराज, नवदीप सैनी और वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी हैं। इनके अलावा अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों में टीम के पास ग्लेन मैक्सवेल, काइल जेमिसन और डैन क्रिस्टियन जैसे बॉलर्स हैं। कुल मिलाकर टीम संतुलित नजर आती है, लेकिन गेंदबाजी का पक्ष कमजोर पड़ सकता है।
मुंबई इंडियन टीम की क्या है ताकत?
रोहित की टीम में भी कई स्टार बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं। इसके अलावा हार्दिक पांडया, क्रुणाल पांडया और किरोन पोलार्ड अपनी धुआंधार बल्लेबाजी के लिए मशहूर हैं। मुंबई इंडियन्स की बॉलिंग भी काफी संतुलित नजर आ रही है। जसप्रीत बुमराह , नाथन कूल्टर नाइल, एडम मिल्ने, जेम्स पैटिंसन और ट्रेंट बोल्ट जैसे बड़े नाम तेज गेंदबाजी का मोर्चा संभालेंगे। जबकि राहुल चाहर और पीयूष चावला स्पिन का कमाल दिखाएंगे। इनके अलावा टीम में हार्दिक पंड्या, क्रुणाल और कीरोन पोलार्ड जैसे दिग्गज ऑलराउंडर भी हैं। ये गेंद और बल्ले दोनों से कमाल दिखा सकते हैं।
जाहिर है कागज पर मुंबई इंडियन्स की टीम ज्यादा मजबूत और संतुलित नजर आ रही है। साथ ही टीम के पास किसी खिलाड़ी के फेल होने पर बैकअप के लिए क्वालिटी के ऑलराउंडर हैं। ऐसे में उनके पास विकल्प ज्यादा होंगे और जीतने का चांस भी। फिर भी जैसा कि हम सभी जानते हैं कि क्रिकेट अनिश्चिततताओं का खेल है, और इसमें कोई एक खिलाड़ी भी अपने प्रदर्शन से पूरे मैच का रुख बदल सकता है।

