ipl 2020 की बिदाई से पहले कटनी में भी 2 जगह पकड़ा गया क्रिकेट सट्टा
कटनी। वैसे आईपीएल ipl 2020 करीब 2 माह से चल रहा है, 10 नवम्बर को फाइनल होगा। अन्य जिलों से लगातार क्रिकेट सट्टा पकड़े जाने की खबरें भी मिलीं मगर बिदाई से पहले कटनी पुलिस katni police सट्टा पकड़ने का नेग देर से ही सही कम से कम कर तो सकी। कटनी में गर्ग चौराहा में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मेंं तीन गिरफ्तार भी हुुुए मोबाइल व नगदी बरामद की गई।
कोतवाली पुलिस ने गर्ग चौराहा क्षेत्र स्थित एक मकान में दबिश देकर तीन युवकों को आईपीएल क्रिकेट का सट्टा खिलाते गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा के मुताबिक गर्ग चौराहा क्षेत्र निवासी आकाश उर्फ नीतेश ताम्रकार पिता राज कुमार ताम्रकार नामक युवक के द्धारा घर से ही ऑनलाइन क्रिकेट का सट्टा संचालित करने की जानकारी मुखबिरों ने दी थी।
जिसके बाद नीतेश के मकान में दबिश दी गई। दबिश के दौरान नीतेश सहित गांधीगंज निवासी अजय पिता मुरलीधर सेतपाल व सूरज पिता संजय निषाद ऑनलाइन क्रिकेट का सट्टा खिलाते पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 नग मोबाइल फोन व 5500 रूपए नगद बरामद करते हुए सट्टा एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
उधर माधवनगर पुलिस ने ग्राम तखला में दबिश देकर खैबर लाइन निवासी गोला उर्फ प्रवीण परसवानी पिता धनराज परसवानी व कैरिन लाइन निवासी नीरु कांजवानी को क्रिकेट का सट्टा खिलाते गिरफ्तार किया है। यहां आरोपियों के पास से ओपो कंपनी का मोबाईल एवं 1620 रूपए नगद बरामद किए गए हैं।

