Site icon Yashbharat.com

IPL के लिए खिलाड़ियों की बोली, अश्विन-स्टोक्स सहित तमाम पर रहेंगी नजरें

बेंगलुरू: विश्व क्रिकेट के कुछ सबसे बड़े नाम आज जब आईपीएल की दो दिवसीय खिलाड़ी नीलामी में उतरेंगे तो बेन स्टोक्स और रविचंद्रन अश्विन पर भारी भरकम बोली लगने की संभावना है। इस साल 578 खिलाड़ी नीलामी में हिस्सा लेंगे जिसमें 361 भारतीय हैं। भारत और विश्व के 16 शीर्ष क्रिकेटरों को मार्की दर्जा दिया गया है और उनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये है। इसमें स्टोक्स, अश्विन, शिखर धवन, मिशेल स्टार्क, क्रिस गेल और ड्वेन ब्रावो शामिल हैं।

सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे स्टोक्स
पिछले सत्र में रिकार्ड 14 करोड़ 50 लाख रुपये में बिके इंग्लैंड के शीर्ष आलराउंडर स्टोक्स के लिए एक बार फिर फ्रेंचाइजियों को बड़ी राशि खर्च करनी पड़ सकती है।  वर्ष 2008 में आईपीएल की शुरुआत के बाद से इस स्तर की नीलामी नहीं हुई है जहां इतने सारे स्टार भारतीय खिलाडिय़ों की बोली लगे। खेल के छोटे प्रारूप में अश्विन और अजिंक्य रहाणे भले ही पिछले कुछ समय से भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हों लेकिन इसके बावजूद फ्रेंचाइजियों के बीच इन्हें खेल काफी रुचि होने की उम्मीद है।

इन गेंदबाजों पर रहेगी सबकी नजर   
महेंद्र सिंह धोनी ने हाल में कहा था कि चेन्नई सुपरकिंग्स स्थानीय खिलाड़ी अश्विन को खरीदने की कोशिश करेगा लेकिन देखना यह होगा कि उनके लिए राइट टू मैच कार्ड उपलब्ध नहीं होने के बावजूद टीम इस आफ स्पिनर के लिए कितनी राशि दांव पर लगाने के लिए तैयार होगी। अगर आरसीबी की टीम स्टार्क के लिए राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करती है जो सीएसके जयदेव उनादकट को खरीद सकती है जिन्होंने पिछले सत्र में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। सीएसके की टीम हालांकि ड्वेन ब्रावो के लिए राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल कर सकती है जो टीम में धोनी के भरोसेमंद रहे हैं।

डेयरडेविल्स कर सकती है गंभीर को शामिल
दूसरी तरफ दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम अश्विन और गौतम गंभीर को अपने साथ जोडऩा चाहेगी। गंभीर को अगर टीम खरीदती है तो उन्हें कप्तान बनाया जा सकता है। केकेआर की टीम के पास गंभीर को रिटेन करने का विकल्प हो सकता है लेकिन टीम ऐसा चाहती तो उन्हें शुरू में ही नीलामी के लिए रिलीज नहीं करती। शाहरूख खान के सह स्वामित्व वाली टीम क्रिस लिन के लिए राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल कर सकती है जिन्होंने टीम के लिए प्रभावी प्रदर्शन किया है।

भारत के अंडर-19 खिलाडिय़ों विशेषकर कमलेश नागरकोटी को लेकर काफी रोमांच है जो न्यूजीलैंड में चल रहे अंडर-19 विश्व कप में नियमित तौर पर 140 किमी प्रतिघंटा से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं। नागरकोटी के साथी तेज गेंदबाज शिवम मावी और कप्तान पृथ्वी शा पर भी अच्छी बोली लगने की उम्मीद है। पंजाब के अंडर-19 क्रिकेटर शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा पर भी फ्रेंचाइजियों की नजरें होंगी।  अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलने वाले विदेशी खिलाडिय़ों में वेस्टइंडीज में जन्में जोफ्रा आर्चर पर नजरें होंगी जिन्होंने बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन किया।

Exit mobile version