katniमध्यप्रदेश

राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 कर्मियों को मिला प्रशस्ति पत्र,निगमायुक्त तपस्या परिहार ने की राजस्व विभाग की समीक्षा, कम वसूली वाले कर्मचारियों को दी सख्त हिदायत 

राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 कर्मियों को मिला प्रशस्ति पत्र,निगमायुक्त तपस्या परिहार ने की राजस्व विभाग की समीक्षा, कम वसूली वाले कर्मचारियों को दी सख्त हिदायत

 

कटनी। नगर निगम कटनी की निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बुधवार को राजस्व विभाग की वसूली कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए राजस्व अमले को वसूली में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की आय में वृद्धि होने से नागरिक सुविधाओं एवं विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी, इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को राजस्व संग्रहण की जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। बैठक में राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

दैनिक एवं मासिक लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश

बैठक में वार्डवार राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान अपेक्षाकृत कम वसूली पाए जाने पर टैक्स कलेक्टर श्री सतीश तिवारी, श्री संतोष बिरहा एवं श्री अजय निगम को वसूली कार्य में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी गई। निगमायुक्त ने सभी राजस्व कर्मियों को दैनिक एवं मासिक वसूली लक्ष्य निर्धारित कर उसी के अनुरूप नियमित प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

समीक्षा के दौरान सहायक राजस्व निरीक्षक श्री मुकेश शुक्ला के बिना सूचना लंबे समय से कर्तव्य से अनुपस्थित रहने की जानकारी मिलने पर निगमायुक्त ने संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने के निर्देश राजस्व अधिकारी को प्रदान किए। वहीं जलकर वसूली की समीक्षा करते हुए सहायक राजस्व अधिकारी श्री सागर नायक को वसूली बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने हेतु निर्देशित किया।

संपत्तियों के असेसमेंट कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश

निगमायुक्त सुश्री परिहार ने नगर निगम क्षेत्र की संपत्तियों के असेसमेंट कार्य की समीक्षा करते हुए ऐसे प्रकरणों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जिनमें कर निर्धारण अथवा संपत्ति विवरण में विसंगतियों की संभावना हो। उन्होंने कहा कि स्थल निरीक्षण के माध्यम से संपत्ति की उपयोगिता एवं वास्तविक क्षेत्रफल का सत्यापन कर आवश्यक संशोधन की कार्रवाई की जाए तथा जुलाई माह तक इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान

बैठक के दौरान विगत वित्तीय वर्ष में राजस्व वसूली के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मचारियों में श्री मुकेश राजपूत, श्री विनोद सिंह चौहान, श्री बाबूलाल रजक, श्री सनीश रजक, श्री सुधीर खरे, श्री प्रमोद खरे, श्री शरद मिश्रा, श्री शशिकांत नायक एवं श्री सुशील तिवारी शामिल रहे।

 

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए अन्य कर्मचारियों से भी लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाकर राजस्व वसूली में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण में वृद्धि नगर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का आधार है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक के दौरान राजस्व विभाग, जलकर शाखा, बाजार शाखा के अधिकारी कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

Back to top button