मझगवां (बहोरीबंद)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत एक विशेष आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन आंगनवाड़ी केंद्र मझगवां में किया गया। इस कार्यक्रम में बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अंतर्गत संचालित उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता अरविंद कुमार बैरागी द्वारा किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक परिवर्तनों पर विस्तार से जानकारी दी गई।उन्होंने बताया कि किशोरों में अत्यधिक वजन और मोटापा एक गंभीर समस्या बन सकती है, जिसे संतुलित पोषण और शारीरिक गतिविधियों से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने किशोरों के यौन और प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, और गैर-संचारी रोगों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सरल भाषा में संवाद किया।
कार्यक्रम में उमंग हेल्पलाइन नंबर 14425 और मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन 14416 की जानकारी देकर सभी किशोरों को परामर्श और सहयोग लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही 10 से 19 वर्ष तक की आयु के किशोर लड़कों और लड़कियों से बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहुँचकर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने का आह्वान किया गया। बाल विवाह रोकथाम हेतु ग्राम भ्रमण रैली एवं शपथ कार्यक्रम
इस अवसर पर बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक ग्राम भ्रमण रैली भी निकाली गई, जिसमें किशोर-किशोरियों ने हाथों में संदेशात्मक पोस्टर लेकर बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति ग्रामवासियों को जागरूक किया। रैली उपरांत सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह न करने और न होने देने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रूपाली सेन, आशा कार्यकर्ता अर्चना यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और किशोर-किशोरियां उपस्थित रहीं।

