राजकोट। कुलदीप यादव की उम्दा गेंदबाजी से भारत ने शनिवार को पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रनों से हरा दिया। पहली पारी में 468 रनों से पिछड़ने के बाद वेस्टइंडीज की दूसरी पारी तीसरे दिन 50.5 ओवरों में 196 पर सिमटी। इससे पहले भारत के पहली पारी के 649/9 के जवाब में वेस्टइंडीज की पहली पारी 181 रनों पर सिमटी । डेब्यू टेस्ट खेलने वाले पृथ्वी शॉ को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
यह भारत की टेस्ट क्रिकेट में पारी के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। यह इंडीज की पारी के अंतर के आधार पर दूसरी बड़ी हार है। इससे पहले भारत की सबसे बड़ी जीत इसी वर्ष जून में बेंगलुरु में अफगानिस्तान के खिलाफ थी जब उसने पारी और 262 रनों से जीत दर्ज की थी। यह वेस्टइंडीज की दूसरी बड़ी हार है, उसकी सबसे बड़ी हार मई 2017 में लीड्स में इंग्लैंड के हाथों हुई थी जब वह पारी और 283 रनों से हारा था।
फॉलोऑन में खेलते हुए इंडीज को दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत चाहिए थी लेकिन क्रेग ब्रैथवेट 10 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर पृथ्वी शॉ को कैच थमा बैठे। कुलदीप ने इसके बाद शाई होप(17) को एलबीडब्ल्यू किया। कुलदीप ने इसके बाद अपने एक ओवर में इंडीज को दो झटके दिए। उन्होंने शिमरोन हेटमेयर (11) को राहुल के हाथों झिलवाया और फिर सुनील एम्ब्रिस को विकेटकीपर पंत के हाथों झिलवाया। इंडीज की उम्मीदें अब किरोन पॉवेल और रोस्टन चेज पर टिक गई थी लेकिन कुलदीप ने चेज को आउट कर मेहमान टीम को करारा झटका दिया। वे 20 रन बनाकर कवर्स पर अश्विन को कैच दे बैठे। कुलदीप ने इसके बाद किरोन पॉवेल (83) को सिली पाइंट पर शॉ के हाथों झिलवाया। यह उनका इस पारी में पांचवां विकेट है और उन्होंने टेस्ट करियर में पहली बार यह मुकाम हासिल किया। पॉवेल ने 93 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्के लगाए।
जडेजा ने किमो पॉल (15) को उमेश यादव के हाथों झिलवाया तो अश्विन ने देवेंद्र बिशू (9) को विकेटकिपर पंत के हाथों झिलवाया। कुलदीप ने 57 रनों पर 5 विकेट लिए जबकि अश्विन ने 71 रनों पर 2 विकेट झटके।
इसके पू्र्व वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन सुबह 94/6 से आगे खेलना शुरु किया। चेज के साथ पॉल ने पारी को आगे बढ़ाते हुए संभालने की कोशिश की। उमेश यादव ने इस साझेदारी को तोड़ा जब उनकी बाउंसर को पुल करने के प्रयास में पॉल ने पुजारा को मिडविकेट पर कैच थमाया। उन्होंने 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। उन्होंने चेज के साथ सातवें विकेट के लिए 73 रन जोड़े। चेज ने कुलदीप की गेंद पर चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की। यह उनकी टेस्ट क्रिकेट में छठीं फिफ्टी हैं। वे 53 रने बनाकर अश्विन की गेंद को स्टम्प्स पर खेल बैठे। अश्विन ने इसके बाद शर्मेन लुईस को बोल्ड किया। अश्विन ने गेब्रिएल को विकेटकीपर पंत के हाथों स्टम्प करवाकर इंडीज की पारी का अंत किया। अश्विन सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 37 रनों पर 4 विकेट लिए। मोहम्मद शमी ने 2 विकेट लिए।
दूसरे दिन वेस्टइंडीज को पहला झटका मोहम्मद शमी ने दिया, उन्होंने मेहमान टीम के कप्तान ब्रैथवेट को क्लीन बोल्ड कर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद शमी ने पॉवेल को LBW आउट कर मेहमान टीम को दूसरा झटका दिया। अश्विन ने शाई होप को क्लीन बोल्ड कर मेहमान टीम को तीसरा झटका दिया। शिमरन हेटमायर सिर्फ 10 रन बनाकर रवींद्र जडेजा के हाथों रन आउट हो गए। इसके बाद बल्ले से शतक लगाने वाले रवींद्र जडेजा ने मैच की अपनी पहली गेंद पर सुनील अंबरीश को स्लिप में रहाणे के हाथों कैच आउट करवाया। कुलदीप यादव ने अपनी फ्लाइटेड गेंद पर शेन डावरिच को छकाते हुए उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। डावरिच ने 10 रन बनाए और 35 गेंदों का सामना किया।
भारत को पहला झटका पहले ही ओवर में लगा, तेज गेंदबाज शैनन गैब्रियल ने केएस राहुल को एलबीडब्ल्यू किया। चेतेश्वर पुजारा 86 रन बनाकर आउट हो गए। वो शेरमेन लुईस की गेंद पर विकेटकीपर शेन डोविच को कैच थमा बैठे। अपना पहला मैच खेल रहे शेरमेन लुईस का ये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला विकेट भी रहा। पृथ्वी शॉ 134 रन बनाकर बिशू की गेंद पर कॉट एंड बोल्ड आउट हुए। रहाणे 41 रन बनाकर रोस्टन चेज की गेंद पर शेन डोविच को कैच थमा बैठे।
टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत को पहला झटका और पारी का 5वां झटका रिषभ पंत के रूप में लगा और 92 रन पर बिशू के शिकार बन गए। इसके बाद लुइस ने कोहली को बिशू के हाथों कैच आउट करवाया। देवेंद्र बिशू ने आर अश्विन को आउट कर भारत का 7वां विकेट झटका। बिशू ने कुलदीप यादव को LBW आउट कर भारत को 8वां झटका दिया। वेस्टइंडीज के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट ने उमेश यादव को आउट कर भारत को 9वां झटका दिया।
